Labourer killed: न्यू सब्जी मंडी होशियारपुर में मजदूरी के 10 रुपए को लेकर एक दुकान मालिक ने अपने 3 साथियों के साथ मिलकर प्रवासी मजदूर की हत्या कर दी। जिसके चलते सब्जी मार्कीट में सभी प्रवासी मजदूरों ने सोमवार को काम बंद करके आरोपियों को काबू करने के लिए प्रदर्शन किया।
मृतक संजीत कुमार (25) के भाई रंजीत कुमार ने बताया कि उसका भाई संजीत सब्जी मंडी में दुकानों के आगे सफाई का काम करता था। हर दुकानदार उसे 10 रुपए देता था। वह सफाई कर रहा था कि जैसे ही वह श्याम का ढाबा नामक दुकान के आगे सफाई कर दुकान मालिक से 10 रुपए मांगने लगा तो दुकान मालिक के छोटे भाई सोनू ने कहा कि वह किराए की दुकान कर रहे है। वह पैसे नहीं देंगे। इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। पास ही खड़े लोगों ने मामला शांत करा दिया। अगले 2 दिन शुक्रवार और शनिवार सोनू दुकान पर नहीं आया। रविवार सुबह संजीत श्याम का ढाबा के आगे से निकलने लगा तो किसी ने गाली निकाल दी।
संजीत दुकान के सामने खड़ा हुआ ही था कि 3 लड़के उसे घसीट कर दुकान के अंदर ले गए। चारों आरोपियों ने संजीत पर चाकुओं से कई वार किए। संजीत को तुरंत इलाज के लिए सरकारी अस्पताल होशियारपुर ले जाया गया। जहां से उसे डीएमसी लुधियाना रैफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। चौकी इंचार्ज पुरहीरा एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि सभी आरोपी हमला कर फरार हो गए हैं। आरोपियों को काबू करने के लिए अलग अलग टीमें छापामारी कर रही है। जल्द ही सभी आरोपी काबू कर लिए जाएंगे।

