Site icon Dainik Savera Times

सलमान खान के घर बाहर गोलीबारी मामले में अनमोल बिश्नोई के खिलाफ ‘लुकआऊट सर्कुलर’ जारी


मुंबई। मुंबई के बांद्रा में 14 अप्रैल को अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में शुक्रवार को अनमोल बिश्नोई के खिलाफ ‘लुकआऊट सर्कुलर’ जारी किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस, गुजरात के साबरमती जेल में बंद उसके भाई गैंगस्टर लॉरैंस बिश्नोई को हिरासत में ले सकती है और वह इस मामले में कठोर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाने पर भी विचार कर रही है। अधिकारी ने बताया कि अनमोल बिश्नोई ने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी और जांच में भी उसकी संलिप्तता सामने आई जिसके बाद मुंबई पुलिस ने ‘लुकआऊट सकरुलर’ जारी किया। उन्होंने कहा, अनमोल और लॉरैंस बिश्नोई को इस मामले में वांछित आरोपी के रूप में नामजद किया गया है।

2 आरोपी 30 तक पुलिस हिरासत में
मुंबई की एक अदालत ने बांद्रा में अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी के मामले में पंजाब से गिरफ्तार किए गए 2 आरोपियों को शुक्रवार को 30 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। सुभाष चंद्र (37) और अनुज थापन (32) को मैजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। अपराध शाखा ने वीरवार को दोनों आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया था। दोनों पर गोलीबारी करने वालों को कथित तौर पर हथियार और कारतूस मुहैया कराने का आरोप है।

Exit mobile version