Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाराष्ट्र : सीमा शुल्क और CBI के फर्जी अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने व्यक्ति से 59 लाख रुपये ठगे

December 6, 2024

महाराष्ट्र : सीमा शुल्क और CBI के फर्जी अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने व्यक्ति से 59 लाख रुपये ठगे

ठाणो : साइबर ठगों ने सीमा शुल्क और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के फर्जी अधिकारी बनकर महाराष्ट्र के ठाणो शहर निवासी एक व्यक्ति पर अपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए उसे कार्रवाई की धमकी दी और 59 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह ठगी 26 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच की गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘खुद को दिल्ली के सीमा शुल्क अधिकारी बताने वाले एक व्यक्ति ने 54 वर्षीय पीड़ित को कई बार फोन किया। उसने पीड़ित को बताया कि उसका एक पार्सल जब्त कर लिया गया है और उसमें मादक पदार्थ मिले हैं। फोन करने वाले ने दावा किया कि मामले को आगे की जांच के लिए सीबीआई को भेजा जा रहा है। उसने पीड़ित को सीबीआई के साथ सहयोग करने तथा एक और फोन का जवाब देने के निर्देश दिए।’’

आपका नाम मानव तस्करी और धनशोधन सहित गंभीर आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ पाया गया
अधिकारियों के अनुसार, इसके बाद पीड़ित को दूसरी बार फोन आया और फोन पर एक व्यक्ति ने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताया। उसने पीड़ित से कहा कि उसका नाम मानव तस्करी और धनशोधन सहित गंभीर आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ पाया गया है और मामले से अपना नाम हटवाने के लिए उसे 59 लाख रुपये देने होंगे।
आरोपी पीड़ित पर भुगतान पूरा करने का दबाव बनाते रहे और डरे हुए पीड़ित ने फोन करने वालों द्वारा बताए गए कई बैंक खातों में रकम स्थानांतरित कर दी। धन स्थानांतरित करने के बाद पीड़ित को एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गया है और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर नौपाड़ा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (4) (धोखाधड़ी) और 319 (2) (छद्मवेश द्वारा धोखाधड़ी) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें