गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के जिला गाजीपुर में करंडा एवं स्वॉट टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। स्वॉट टीम ने बीती रात मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके पास से एक तमंचा, एक खोखा, एक कारतूस और एक बाइक भी बरामद किया है। अपराध पर अंकुश एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत करंडा पुलिस व स्वॉट टीम एक मुकदमे के वांछित की तलाश में आरी पहाड़पुर पुलिया के तरफ मौजूद थी। इसी क्रम में चौकी प्रभारी खिजिरपुर एवं चौकी प्रभारी बड़सरा जमुआंव गांव के पास संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी एक व्यक्ति बाइक पर आता दिखाई पड़ा।
संदिग्ध प्रतीत होने पर टीम ने रूकने का इशारा किया गया तो बाइक सवार व्यक्ति असलहा लहराते हुए तेजी से आगे बढ़ गया। सूचना पर करंडा व स्वाट टीम ने बड़सरा बाईपास के पास बाइक सवार को घेर लिया। दोनों तरफ से घिरा हुआ देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की।
टीम की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर पर गोली लग गई और वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। पूछताछ में गिरफ्तार बदमाश ने अपना नाम अभिषेक उर्फ गोलू यादव बताया। वह 25 हजार रुपये का इनामी और गौतस्करी में संलिप्त है। इसके खिलाफ जनपद एवं अन्य जनपदों में कई अन्य आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

