मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में बहुचर्चित होटल कांड के फरार आरोपी सलमान को पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई और गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान वह एक पुल से नीचे गिरकर घायल हो गया। उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
एनकाउंटर के बाद सामने आए वीडियो में सलमान पुलिसकर्मियों के सामने गिड़गिड़ाता नजर आ रहा है। वह कहता सुनाई दे रहा है, ‘सर, गलती हो गई, माफ कर दो, अब नहीं होगी गलती।’ वीडियो में पुलिसकर्मी उसे कंधे पर उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार, सदर बाजार थाने में शिकायत मिली थी कि सलमान नाम के व्यक्ति ने एक दलित महिला को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
#WATCH मेरठ, उत्तर प्रदेश: SP बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा, “सदर बाजार पुलिस स्टेशन में एक शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सलमान नाम के एक व्यक्ति ने एक दलित महिला को बंधक बनाकर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया है। संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आज, 25 नवंबर 2026 को, हमें पुख्ता जानकारी मिली कि आरोपी लोहिया नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के नहर नरहेरा गांव के पास, निर्माणाधीन अंडरपास के निकट छिपा हुआ है। लोहिया नगर और सदर बाजार पुलिस स्टेशनों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेर लिया। खुद को घिरा हुआ पाकर, आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जब पुलिस ने अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपी पास के एक पुल पर चढ़कर भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान वह फिसलकर पुल से नीचे गिर गया, जिससे उसके दाएं और बाएं दोनों हाथों में चोटें आईं। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, और आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
(सोर्स: पुलिस)
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 25, 2026
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लोहिया नगर थाना क्षेत्र के नरहेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक छिपा हुआ है। इस सूचना पर लोहिया नगर और सदर बाजार थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। पुलिस टीम से घिरा देखकर आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ने का प्रयास किया।
इसी दौरान आरोपी पास के एक पुल पर चढ़कर भागने लगा, लेकिन फिसलकर नीचे गिर गया। इस घटना में उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई। एसएसपी ने बताया कि घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि मेरठ के होटल में युवती को कथित तौर पर बंधक बनाने और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया था। आरोप है कि सलमान ने युवती पर शादी का दबाव बनाया था। युवती उसके चंगुल से निकलकर भागी तो आरोपी ने सड़क पर उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन अपने साथ ले गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसके बाद मामला काफी चर्चित हुआ।