Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

नाबालिग से बलात्कार के आरोप में मठ का पुजारी, अन्य व्यक्ति गिरफ्तार

February 20, 2025

नाबालिग से बलात्कार के आरोप में मठ का पुजारी, अन्य व्यक्ति गिरफ्तार

मुंबई : Maharashtra के अमरावती जिले में पुलिस ने एक नाबालिग लड़की का कई बार यौन उत्पीड़न करने और उसे गर्भवती करने के आरोप में एक मठ के 75 वर्षीय पुजारी और उसके सहायक को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 वर्षीय पीड़िता की एक महिला रिश्तेदार को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि लड़की अपने माता-पिता के साथ मंगलवार शाम को अमरावती के शिरखेड थाने पहुंची और रिद्धपुर मठ के मुख्य पुजारी तथा अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

अधिकारी ने बताया कि मेडिकल जांच के दौरान पता चला कि लड़की आठ महीने की गर्भवती है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपने चाचा और चाची के साथ पिछले एक साल से मठ में सेवा करने के लिए रह रही थी। उसने बताया कि जब वह मठ में रह रही थी, तब मुख्य पुजारी ने उसकी चाची से कहा कि वह पीड़िता को दो अप्रैल, 2024 को उससे मिलने के लिए भेज दे।

कई महीनों तक करता रहा बलात्कार

अधिकारी ने बताया कि उसकी चाची ने लड़की को पुजारी सुरेंद्रमुनि तालेगांवकर के कमरे में भेज दिया, जहां पुजारी ने उससे कथित तौर पर बलात्कार किया। पीड़िता ने बताया कि मठ में रहने वाले बालासाहेब देसाई (40) ने भी लड़की से कथित तौर पर बलात्कार किया। उसने बताया कि दोनों आरोपियों ने कई महीनों तक यह अपराध किया। पीड़िता ने शुरू में अपनी चाची को इस बारे में बताया, लेकिन उसकी चाची ने उसे धमकाया और चुप रहने को कहा।

पुलिस ने बताया कि लड़की की चाची ने उसकी मदद नहीं की, जिसके कारण दोनों आरोपी पीड़िता का यौन उत्पीड़न करते रहे। अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें धारा 376 (बलात्कार), 323 (स्वेच्छा से नुकसान पहुंचाना) और 506 (आपराधिक धमकी) के साथ-साथ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधान शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें