Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

नागपुर केस : दोस्ती, धोखा, निकाह, दुष्कर्म और साजिश? चौंका रही जांच

June 16, 2026

नागपुर केस : दोस्ती, धोखा, निकाह, दुष्कर्म और साजिश? चौंका रही जांच

nagpur-case-investigation-is-shocking : नागपुर। नागपुर से सामने आए इस सनसनीखेज मामले ने न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि सामाजिक और धार्मिक संवेदनशीलताओं को भी झकझोर कर रख दिया है। एयरफोर्स कर्मी की पत्नी ने पुराने क्लासमेट और उसके साथियों पर रेप, ब्लैकमेल, काला जादू और जबरन धर्म परिवर्तन कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

दो आरोपी गिरफ्तार, मौलाना की तलाश

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कथित धर्म परिवर्तन प्रकरण में भूमिका निभाने वाले मौलाना की तलाश में जांच का दायरा दूसरे राज्यों तक बढ़ा दिया गया है। इस मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब पुलिस जांच से सामने आने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि 8 फरवरी 2025 को एक होटल की मीटिंग के दौरान अयाज ने कथित तौर पर 24 साल की महिला की ड्रिंक में कुछ मिला दिया। जब उसे होश आया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे। इसके बाद उसने महिला को ब्लैकमेल किया और धमकी दी कि वह ये वीडियो उसके पति को भेज देगा और सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।

आरोप : कई बार यौन शोषण, 4 लाख ऐंठे

पीड़िता का आरोप है कि उसका कई बार यौन शोषण किया और उससे करीब 4 लाख रुपये ऐंठ लिए। इस मामले में वायरल एक वीडियो अहम सुबूत बन गया है। वीडियो में 24 साल की महिला रोते हुए और आरोपी अयाज मदारे से उसे जाने देने की गुहार लगाती दिख रही है। वीडियो में महिला “छोड़ो मुझे” कहती सुनाई देती है, जबकि अयाज जबरदस्ती उसके हाथ पकड़े हुए है और धार्मिक मंत्र पढ़ते हुए बार-बार उस पर फूंक मार रहा है। महिला खुद को छुड़ाने की कोशिश करती दिख रही है। महिला का आरोप है कि उससे कहा गया कि उसका धर्म परिवर्तन हो चुका है और फिर उसके साथ रेप की कोशिश की गई।

बोली- उर्दू में बुदबुदाकर, चेहरे पर मारता था फूंक

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि अयाज अक्सर एक प्लास्टिक की बोतल में कोई लिक्विड लेकर आता था और उसे जबरदस्ती पिलाता था। इसके बाद वह उर्दू में कुछ बुदबुदाता था, उसके चेहरे पर फूंक मारता था और दावा करता था कि यह हिप्नोसिस और काला जादू है और फिर उसका रेप करता था। वीडियो में कथित तौर पर काला जादू या हिप्नोसिस का रिचुअल दिखाया गया है। शिकायत में बताई गई एक और घटना के अनुसार, 31 मई को मदारे और उसका साथी महिला को जबरदस्ती कलमेश्वर ले गए। वहां तीसरे आरोपी ने कथित तौर पर धार्मिक रस्में निभाईं और धर्म परिवर्तन के लिए उससे कबूल है कहलवाया। ये मौलाना मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तमिया गांव का रहने वाला है। महिला का आरोप है कि यह सब उसकी मर्जी के बिना किया गया।

मौलाना बोला- अयाज से हो गया निकाह

रस्म के बाद मौलाना ने घोषणा की कि उसने इस्लाम अपना लिया है और अयाज के साथ उसका निकाह हो गया है। आरोप है कि उसे जबरदस्ती मांस खिलाया गया और कलमा पढ़वाया गया। इसके बाद वे लोग उसे एक होटल ले गए जहां अयाज ने कथित तौर पर फिर से उसका रेप किया। पुलिस ने रेप, बार-बार यौन शोषण, जबरन वसूली, ब्लैकमेल और जबरन धर्म परिवर्तन के आरोपों के साथ-साथ अंधविश्वास और काले जादू के खिलाफ बने कानून की धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया है। नागपुर पुलिस की एक टीम उस मौलाना की तलाश कर रही है, जिसने कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कराया था। डीसीपी सुरेश रेड्डी ने कहा कि महिला ने अपनी शिकायत में रेप, जबरन वसूली, धर्म परिवर्तन और काले जादू का आरोप लगाया है। जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें