Dainik Savera Times

नया ट्रेंड: सड़क पर खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ सोशल मीडिया पर वीडियो कर रहे अपलोड

लुधियाना: शहर में नया ट्रैंड (New Trend) चला है। बदमाश गली-मोहल्लों में खड़ी कारों के शीशे तोड़कर वारदात को सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं। वीरवार रात भी कुछ बाइक सवार बदमाशों ने ऐसी ही वारदात की। इन बदमाशों ने इलाके में खड़ी तीन दर्जन से ज्यादा कारों के शीशे तोड़ डाले और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।

शुक्रवार सुबह इस मामले को लेकर लोग इकट्ठे हो गए और पुलिस पर कारवाई न करने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने पहचान कर 2 लोगों को हिरासत में लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। बता दें कि कुछ दिन पहले भी ग्यासपुरा के इलाके में इसी तरह कुछ लोगों ने कारों के शीशे तोड़ डाले थे लेकिन इस मामले में पुलिस ने कोई कारवाई नहीं की थी।

बरोटा रोड के रहने वाले लोगों ने बताया कि वीरवार रात को मोटरसाइकिलों पर सवार युवक आते हैं और सड़क पर खड़ी गाड़ियों को सिलिसलेवार तोड़ने लगते हैं। एक एक करके इन लोगों ने पत्थरों और बेस बॉल के बैट से 3 दर्जन के करीब कारों के शीशे तोड़ डाले। उनकी यह हरकत वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई। इसे लेकर लोग इकट्ठे हुए और पुलिस पर आरोप लगाने लगे।

लोगों का कहना था कि शिकायत के बावजूद पुलिस कारवाई नहीं। करती। लोगों ने पुलिस चौकी बसंत पार्क के बाहर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और 2 लोगों को हिरासत में लिया। लोगों का कहना था कि आरोपियों से उनका नुक्सान वसूला जाए।

पुलिस के पास अब तक कारें तोड़ने की 25 से ज्यादा शिकायतें आ चुकी हैं। इस बारे में बसंत पार्क पुलिस चौकी के इंचार्ज एस.आई कपिल कुमार का कहना है कि लोगों की शिकायतें आई हैं, मामले की जांच चल रही है। पुलिस हिरासत में आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Exit mobile version