Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

NIA Raids J-K : जम्मू-कश्मीर में आतंक के खिलाफ NIA का बड़ा एक्शन, 32 जगहों पर की छापेमारी

June 5, 2025

NIA Raids J-K : जम्मू-कश्मीर में आतंक के खिलाफ NIA का बड़ा एक्शन, 32 जगहों पर की छापेमारी

नेशनल डेस्क : आज, गुरुवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में आतंकी साजिश रचने के संदर्भ में छापेमारी की। छापेमारी शोपियां, कुलगाम, कुपवाड़ा, सोपोर, और बारामूला के विभिन्न इलाकों में की गई। इस दौरान, 2018 में मारे गए लश्कर के आतंकी के घर सहित कुल 32 ठिकानों पर छापे मारे गए। यह कार्रवाई NIA की आतंकी गतिविधियों की जांच के हिस्से के तौर पर की जा रही है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

छापेमारी का उद्देश्य

आपको बता दें कि NIA के अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी द्वारा यह छापेमारी आतंकी साजिश रचने के मामलों की जांच के तहत की गई है। छापे शोपियां जिले के कई स्थानों पर चल रहे हैं, और इसके साथ-साथ दक्षिण कश्मीर के पुलवामा, कुलगाम, सोपोर, और बारामूला में भी सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इस छापेमारी का मुख्य उद्देश्य आतंकी संगठनों के ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs) के ठिकानों को निशाना बनाना है, जो आतंकवादी गतिविधियों में शामिल रहे हैं।

लश्कर के कमांडर के घर पर छापा

दरअसल, NIA ने जून 2018 में कुलगाम के चेडर बान इलाके में मारे गए लश्कर के कमांडर शकूर अहमद डार के घर पर भी छापेमारी की है। शकूर अहमद डार की मृत्यु 2018 में हुई थी, और उसके खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप थे। एनआईए ने अब उनके घर, जो सोपत देवसर में स्थित है, पर भी कार्रवाई की है।

पहले की छापेमारी

इससे पहले, पिछले हफ्ते NIA ने पाकिस्तान से जुड़े जासूसी मामलों में 8 राज्यों में 15 ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई सीआरपीएफ के एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) मोती राम जाट की गिरफ्तारी के बाद की गई थी। मोती राम जाट पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप था, और उसे सीआरपीएफ से बर्खास्त कर दिया गया था। NIA ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र (मुंबई), हरियाणा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, असम, और पश्चिम बंगाल में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से जुड़े संदिग्धों के ठिकानों पर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान, अधिकारियों ने कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, संदिग्ध वित्तीय दस्तावेज, और अन्य कागजात बरामद किए।

NIA की यह कार्रवाई स्पष्ट रूप से यह दिखाती है कि एजेंसी देश के भीतर आतंकी साजिशों को रोकने और पाकिस्तान से जुड़े जासूसों की पहचान करने के लिए कड़ी कार्रवाई कर रही है। यह छापेमारी उन तत्वों के खिलाफ है जो देश की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए खतरा बन सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें