Site icon Dainik Savera Times

Odisha News : भद्रक में पूर्व सरपंच की हत्या के आरोप में 4 लोग गिरफ्तार

odisha news

odisha news

Odisha News : ओडिशा के भद्रक जिले में पुलिस ने बंधगैन पंचायत के पूर्व सरपंच की हत्या के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार भद्रक ग्रामीण पुलिस ने एक सप्ताह की जांच के बाद बृस्पतिवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों ने पूर्व सरपंच चितरंजन राउत की हत्या की साजिश रची और 12 नवंबर की रात वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने कथित आरोपियों की पहचान विद्युत साहू, सरोज साहू, बादल सामल और प्रशांत राउत के रूप में की है। ये सभी बंधगैन गांव के ही निवासी हैं। जांच में पुलिस को पता चला कि विद्युत ने पूर्व सरपंच की हत्या के लिए दो माह पहले सामल से संपर्क किया और तय हुआ कि हत्या के बदले वह सामल को ढाई लाख रुपये देगा। पुलिस ने बताया कि उसने सामल को 40,000 रुपये पहले ही दे दिए। भद्रक ग्रामीण पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक अमिताभ दास ने बताया कि सामल ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर साजिश रची और वारदत को अंजाम दिया। दास ने बताया कि उन्होंने चितरंजन राउत को एक पार्टी में आमंत्रित किया और 12 नवंबर की रात उन्होंने साथ में शराब पी। थाना प्रभारी ने बताया कि नशे की हालत में जब राउत घर लौट रहा था तो चारों ने घातक हथियारों से उसकी हत्या कर दी। कारोबार के कारण रंजिश के चलते राउत की हत्या की गई। दास ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू और मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।

Exit mobile version