Site icon Dainik Savera Times

बिहार में अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष को मारी गोली

हाजीपुरः बिहार में लगातार हो रही अपराधिक घटनाओं को लेकर विपक्ष सत्ता पक्ष पर हमलावर है। इस बीच वैशाली के करताहा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह बेखौफ अपराधियों ने प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) अध्यक्ष को गोली मार दी। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक घटारो दक्षिणी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष ललन सिंह अन्य दिनों की भांति सुबह घर से टहलने निकले थे, तभी एक बाइक पर सवार होकर आए तीन अपराधियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी।

इसके बाद अपराधी बाइक से ही फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर दौड़े लोग आनन फानन में सिंह को घायल अवस्था में अस्पताल ले गए, जहां उन्हें भर्ती कराया गया है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित लोगों ने हाजीपुर-लालगंज मार्ग को घटारो के पास अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर जाम कर दिया।

पुलिस द्वारा आश्वासन मिलने के बाद लोग सड़क से हटे। हाजीपुर के पुलिस उपाधीक्षक ओम प्रकाश ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।

Exit mobile version