Ghaziabad Robbery Case: जिले की कविनगर थाना पुलिस ने एक बड़े लूटकांड का खुलासा करते हुए पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार देर रात कविनगर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें चार बदमाश घायल हो गए। इस गिरोह के पास से पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये नकद, अवैध हथियार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, तीन गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, कविनगर थाना क्षेत्र में रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने दो बाइकों पर सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी और तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। इस पर गाजियाबाद पुलिस ने जिलेभर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। सभी थानों को अलर्ट किया गया और शहर के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई। कुछ ही घंटों बाद पुलिस को सूचना मिली कि दोनों फरार आरोपी मधुबन बापूधाम इलाके से गुजर रहे हैं। पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया।
बदमाशों के पास से एक लाख रुपये बरामद
दोनों बदमाशों के पास से एक लाख रुपये बरामद हुए। पूछताछ में बदमाशों ने कबूला कि उन्होंने 16 जून को गाजियाबाद में 8 लाख रुपये की लूट की थी।
जांच मे जुटी पुलिस
इस ऑपरेशन के बाद गाजियाबाद पुलिस ने लूट कांड में शामिल सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह पहले भी कई वारदातों में शामिल रहा है और इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
गाजियाबाद एसएसपी ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया है और टीम को सम्मानित करने की बात कही है। पुलिस की सक्रियता और तत्परता ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को विफल कर दिया।

