Site icon Dainik Savera Times

Raja Raghuvanshi Murder : कफन लेकर पहुंचा था राज, सोनम को दे रहा था पल-पल की अपडेट… राजा रघुवंशी केस में बड़ा खुलासा

नेशनल डेस्क : राजा रघुवंशी की हत्या के बाद अब एक बड़ी और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। सोनम का प्रेमी राज कुशवाहा ही राजा के शव के लिए कफन लेकर आया था। इतना ही नहीं, उसने शव यात्रा में शामिल होकर अर्थी के लिए फूल और माला भी मंगवाई और खुद ही सोनम के पिता को ढांढस बंधाता दिखा। इस दौरान वह पूरी तरह से नाटक करता नजर आया, ताकि किसी को उस पर जरा भी शक न हो। आइए जानते है इस पूरी खबर को विस्तार से…

सोनम को दे रहा था पल-पल का अपडेट

आपको बता दें कि राज कुशवाहा ने जब कफन लाकर दिया, उसके बाद उसने किसी को फोन किया। माना जा रहा है कि वह सोनम को लगातार अपडेट दे रहा था, जो उस समय इंदौर में छिपी हुई थी। जब अंतिम संस्कार हो गया, तब जाकर दोनों को तसल्ली हुई कि शक की कोई गुंजाइश नहीं बची।

सीसीटीवी फुटेज में दिखी “अदाकारी”

पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में राज को सोनम के पिता को समझाते हुए भी देखा गया है। उस समय सोनम के पिता रो रहे थे, और राज उन्हें दिलासा दे रहा था – जैसे वह परिवार का करीबी हो। उसके चेहरे पर कहीं भी कोई घबराहट नहीं थी, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसने इस हत्याकांड को पूरी प्लानिंग और साजिश के साथ अंजाम दिया था।

क्या है राजा रघुवंशी हत्याकांड?

राजा रघुवंशी, मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी थे। उनकी शादी 11 मई 2025 को सोनम रघुवंशी से हुई थी। शादी के बाद दोनों 20 मई को मेघालय के शिलॉन्ग (चेरापूंजी) हनीमून के लिए गए। लेकिन हनीमून का यह सफर एक भयानक साजिश में बदल गया। 23 मई को राजा की हत्या कर दी गई और उनका शव 2 जून को एक झरने के नीचे गहरी खाई में मिला।

पोस्टमार्टम में क्या सामने आया?

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया कि राजा के सिर पर दो गहरे घाव थे। हत्या के लिए दो “डाव” (पूर्वोत्तर भारत में इस्तेमाल होने वाला भारी चाकू) का इस्तेमाल किया गया था। इसके साथ ही  उन्हें पीटने और खाई में फेंकने की साजिश रची गई थी।

शादी से पहले रची गई थी साजिश

जांच में सामने आया है कि सोनम ने ये साजिश शादी से पहले ही अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर रची थी। सोनम और राज एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन सोनम को परिवार के दबाव में राजा से शादी करनी पड़ी। इसके बाद उन्होंने हत्या की योजना बनाई और उसमें तीन और लोगों को शामिल किया।

-विशाल चौहान

-आकाश राजपूत

-आनंद कुर्मी

सभी ने मिलकर राजा की हत्या के लिए पूरा प्लान तैयार किया और उसे अंजाम भी दे दिया।

खौफनाक हत्या पर खत्म हुई प्रेम कहनी

यह हत्याकांड एक बार फिर यह दिखाता है कि झूठे रिश्ते और निजी स्वार्थ जब अपराध का रूप ले लेते हैं, तो अंजाम कितना खतरनाक हो सकता है। सोनम ने अपने प्रेमी राज के साथ मिलकर एक मासूम जीवन को खत्म कर दिया, और फिर उसी की अर्थी पर आंसू बहाने का नाटक किया। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।

Exit mobile version