
राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी पत्नी सोनम की भूमिका की जांच में शिलांग पुलिस को कई चौंकाने वाली बातें पता लगी हैं। वारदात की एक के बाद एक परतें खुलती जा रही हैं। शिलांग पुलिस की टीमों ने कई राज्यों में जाकर जांच की है। वहीं, मामले की जांच में दो अनजान लोगों की भूमिका सामने आई है। कॉल डिटेल और संदिग्ध सूटकेस की बात ने केस को और पेचीदा बना दिया है। प्यार, धोखा और साजिश से जुड़े इस केस की कड़ियां आपस में जोड़ने के लिए पुलिस दिन-रात काम कर रही है। शिलांग पुलिस की एक टीम ने राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम के मायके जाकर भी पूछताछ की है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने एक सूटकेस को लेकर जांच की है। बताया जा रहा है कि यह सूटकेस पहले सोनम अपने मायके से ससुराल लेकर गई थी। बाद में सूटकेस को मायके लेकर आई। पुलिस को शक है कि सूटकेस से केस से जुड़े कुछ क्लू मिल सकते हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसको लेकर पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले के संबंध में पुलिस ने सोनम के माता-पिता और भाई से पूछताछ की है। सोनम के पारिवारिक बिजनेस, उसके व्यवहार, चाल-चलन और दोस्तों को लेकर भी पूछताछ की गई है।
Indore, Madhya Pradesh: In the Raja Raghuvanshi murder case, Govind Raghuvanshi, brother of accused Sonam Raghuvanshi, arrives at the Indore Crime Branch office pic.twitter.com/R44iAuhIDE
— IANS (@ians_india) June 19, 2025
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने सोनम के भाई गोविंद से विस्तार से पूछताछ की है। मामले में संजय वर्मा नाम के शख्स की भूमिका भी सामने आई थी। पुलिस जांच में राज कुशवाह ही संजय निकला। सूत्रों के मुताबिक मार्च में उसने सोनम को 112 बार कॉल की थी। यानी रोजाना वह 4-5 बार बात करता था। पुलिस ने सोनम की गाजीपुर यात्रा के संदर्भ में भी सबूत जुटाए हैं। एक महिला के अनुसार सोनम यात्रा पर अकेली नहीं थी। उसके साथ दो और लोग भी थे।
बताया जा रहा है कि दोनों लोगों ने चेहरे ढक रखे थे। पुलिस ने इंदौर जाकर राजा के घर भी पड़ताल की है। पुलिस ने उसके परिजनों से दोनों के रिश्ते और सोनम के व्यवहार को लेकर पड़ताल की है। पुलिस ने उस फ्लैट की जांच भी की है, जहां हत्या के बाद सोनम रुकी थी। सूत्रों के मुताबिक हत्या में 2 हथियारों का प्रयोग किया गया था। पुलिस दोनों हथियार बरामद कर चुकी है। जांच के मुताबिक सोनम ने इससे पहले दो बार भी अपने पति की हत्या की कोशिश की थी।