Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

मेरठ के बाद अब लुधियाना में नीले प्लास्टिक ड्रम से मिली सड़ी-गली लाश, इलाके में फैली सनसनी

June 27, 2025

मेरठ के बाद अब लुधियाना में नीले प्लास्टिक ड्रम से मिली सड़ी-गली लाश, इलाके में फैली सनसनी

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना शहर के शेरपुर इलाके में एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक खाली प्लॉट में पड़े प्लास्टिक के ड्रम से सड़ी-गली लाश मिलने से लोगों में डर फैल गई है। बताया जा रहा है कि जब स्थानीय लोगों को ड्रम से तेज बदबू आने लगी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जब ड्रम खोला गया, तो उसमें एक इंसान की लाश मिली जो बुरी तरह सड़ चुकी थी।

 रस्सियों से बंधा मिला शव

पुलिस को शव एक नीले रंग के ड्रम में मिला। लाश को कपड़े या प्लास्टिक से लपेटा गया था और उसके हाथ-पैर रस्सियों से मजबूती से बांधे गए थे। शव की हालत देखकर लग रहा है कि उसकी मौत कई दिन पहले हो चुकी थी।

हत्या की आशंका

पुलिस का मानना है कि यह कोई सामान्य मौत नहीं है, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या हो सकती है। हत्या के बाद शव को छुपाने और सबूत मिटाने के लिए ड्रम में डालकर सुनसान जगह पर फेंका गया होगा।

मृतक की पहचान नहीं हो पाई

थाना डिवीजन नंबर 6 की SHO कुलवंत कौर ने बताया कि अभी तक मृत व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। लेकिन लाश की हालत और इलाके में रहने वाले लोगों को देखकर पुलिस को लगता है कि वह कोई प्रवासी मजदूर हो सकता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है ताकि मौत की असली वजह और समय का पता लगाया जा सके।

जांच में ड्रम बना अहम सुराग

पुलिस को यह भी पता चला है कि ड्रम नया था। इससे यह साफ होता है कि हत्या पहले से योजना बनाकर की गई। पुलिस अब लुधियाना की उन 42 फैक्ट्रियों से पूछताछ कर रही है, जो ऐसे प्लास्टिक के ड्रम बनाती हैं या बेचती हैं।

CCTV फुटेज से सुराग मिलने की उम्मीद

शेरपुर और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे यह पता चल सके कि ड्रम को वहां किसने और कब फेंका। पुलिस को उम्मीद है कि इससे आरोपी तक पहुंचा जा सकेगा।

मेरठ की घटना से मिलती-जुलती वारदात?

लुधियाना की यह घटना मेरठ में हुए एक पुराने हत्याकांड से मिलती-जुलती लग रही है। वहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी और शव को नीले ड्रम में भरकर छिपा दिया था। लुधियाना पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें