महाराष्ट्र डेस्क : महाराष्ट्र के सांगली में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती की उसके पिता ने हत्या कर दी। युवती का कसूर इतना था कि उसने नीट मॉक टेस्ट में कम नंबर हासिल किए थे। यह कोई पहला मामला नहीं है। अक्सर देखा जाता है कि एग्जाम में कम अंक आने पर प्रतिभागियों को घर, परिवार और समाज से ताने सुनने को मिलते हैं।
कई बार अवसाद के चलते पीड़ित सुसाइड तक कर लेते हैं। अब सांगली में नंबर कम आने पर एक शख्स ने आपा खो दिया। उसने अपनी बेटी को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। विस्तार से इस पूरे मामले के बारे में जानते हैं। मृतक युवती की पहचान साधना भोंसले के तौर पर हुई है, जो नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
साधना लगातार मॉक टेस्ट दे रही थी, जिसमें लगातार नंबर कम आ रहे थे। पिता इस बात को लेकर नाराज था। मंगलवार को पिता ने एक बार फिर आपा खो दिया और गुस्से में डंडे से बेटी की पिटाई करने लगे। युवती को जमकर पीटा, जिसकी वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे लेकर अस्पताल गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी को पुलिस ने किया अरेस्ट
पुलिस ने आरोपी पिता को अरेस्ट कर लिया है। आरोपी ने बेटी की हत्या की बात कबूल कर ली है। मामले के संदर्भ में लड़की की मां ने पुलिस को शिकायत दी है। मां ने पुलिस को बताया कि बेटी के नंबर कम आए थे। उसके पिता को यह बात नागवार गुजरी। गुस्से में पिता ने बेटी की जमकर पिटाई कर दी।
बेटी को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस मामले की इलाके में चर्चा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कैसे एक पिता मामूली सी बात पर अपनी बेटी को मौत के घाट उतार सकता है?

