Site icon Dainik Savera Times

STF ने फर्जी ID पर सिम विदेशों में भेजने के आरोप में नेपाली नागरिक को किया गिरफ्तार

नोएडाः उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने फर्जी आईडी पर भारतीय मोबाइल फोन सिम की विदेशों में आपूर्ति करने के आरोप में नेपाल के एक व्यक्ति को रविवार को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी हैं। अधिकारी ने बताया कि एसटीएफ ने आरोपी के पास से 33 सिम, दो नेपाली पासपोर्ट और दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है। उन्होंने बताया कि वह फर्जी आईडी पर सिम चालू कर थाइलैंड, नेपाल और कंबोडिया में उसकी आपूíत करने वाले गिरोह का सदस्य है।

एसटीएफ की नोएडा इकाई के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्र ने बताया कि फर्जी आईडी पर जारी सिम की मदद से विदेशों में बैठे अपराधी भारत समेत दुनिया के अन्य देशों के नागरिकों के साथ ठगी करते थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए आरोपी की पहचान नेपाल के सोलुखुंब जिला निवासी सुनील खड़का के रूप में की गई है।

एसटीएफ के अधिकारियों के मुताबिक, बीते दिनों ऐसी सूचना मिली थी कि दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में ऐसा गिरोह सक्रिय है जो भारत में फर्जी पते पर सिम लेता है और उसे कुछ डॉलर में विदेश में बैठे साइबर ठगों को दे देता है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी सिम नेपाल के रास्ते भेजता था। नेपाल में गिरोह के कई सदस्य सक्रिय हैं।

Exit mobile version