Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

आत्महत्या या हत्या! जन्माष्टमी देखने गईं दो सहेलियों की सुबह पेड़ से लटकी मिली लाश, मचा हड़कंप

August 27, 2024

आत्महत्या या हत्या! जन्माष्टमी देखने गईं दो सहेलियों की सुबह पेड़ से लटकी मिली लाश, मचा हड़कंप

फर्रुखाबाद। जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में जन्माष्टमी के पर्व पर मंदिर के लिए घर से निकलीं 15 और 18 वर्ष की दो सहेलियों के शव मंगलवार को बाग में आम के एक पेड़ से लटके पाए गए।  शवों को बरामद करने के बाद पुलिस ने बताया कि दोनों के शव दो दुपट्टे जोड़कर बनाये गये फंदे से लटके थे। इस बीच राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस ने ‘महिला सुरक्षा’ को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने की अपील करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार इस मामले में तत्काल निष्पक्ष जांच करे और हत्या के इस संदिग्ध मामले में अपनी आख्या प्रस्तुत करे।

पुलिस के अनुसार कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भगौतीपुर निवासी पप्पू जाटव की 15 वर्षीय पुत्री शशि अपने गांव की ही सहेली बबली (18) पुत्री रामवीर के साथ मंदिर में दर्शन के लिए निकली थीं। रामवीर ने बताया कि शशि व बबली सोमवार की रात लगभग 10 बजे घर से कुछ ही दूरी पर स्थित मंदिर के लिए निकली थीं, जहां जन्माष्टमी का आयोजन किया गया था। काफी देर के बाद जब दोनों वापस नही आयीं तो परिजनों को आशंका हुई और दोनों की तलाश शुरू की गयी, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह दोनों के शव गांव के ही निकट बाग में आम के पेड़ से लटके पाए गए। ग्रामीणों ने जब शव लटके देखे तो परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) आलोक प्रियदर्शी, सीओ जय सिंह परिहार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों के शवों को फंदे से उतरवाकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने हत्या करने के बाद शव लटका देने का आरोप लगाया है।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतका के पास से मोबाइल फोन और सिम मिला है।एसपी आलोक प्रियदर्शी नें बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

इस बीच मामले को लेकर समाजवादी पार्टी (एसपी) के प्रमुख और उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उप्र के फर्रुखाबाद में जन्माष्टमी उत्सव देखने के लिए घर से निकलीं दो लड़कियों के शव पेड़ की शाखा के सहारे लगाए गए फंदे से लटके पाए गए। एक बेहद संवेदनशील घटना है।’’ सपा प्रमुख ने इस पोस्ट में कहा, ‘‘भाजपा सरकार इस मामले में तत्काल निष्पक्ष जांच कराए और हत्या के इस संदिग्ध मामले में अपनी आख्या प्रस्तुत करे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी घटनाओं से समाज में एक भयावह वातावरण बनता है जो नारी समाज को मानसिक रूप से बहुत गहरा आघात पहुंचाता है। ‘महिला सुरक्षा’ को राजनीति से ऊपर उठकर एक गंभीर मुद्दे के रूप में उठाने का अपरिहार्य समय आ गया है।’’ यादव ने इस पोस्ट में मौके पर पुलिस की मौजूदगी का 17 सेकंड का एक वीडियो भी साझा किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें