Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

बलात्कार के दोषी के भाई ने बदला लेने के लिए की पीड़िता के भाई की हत्या

February 26, 2025

बलात्कार के दोषी के भाई ने बदला लेने के लिए की पीड़िता के भाई की हत्या

नेशनल डेस्क : Ghaziabad के मधुबन बापूधाम क्षेत्र में बलात्कार के दोषी करार दिये गये एक व्यक्ति के भाई ने बदला लेने के लिए पीड़िता के भाई की कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी सरफराज को 27 वर्षीय व्यक्ति की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसका शव 22 फरवरी को कमला नेहरू नगर के सुनसान इलाके में मिला था।

पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार ने कहा कि पूछताछ के दौरान सरफराज ने हत्या की बात कुबूल की और बताया कि कत्ल को अंजाम देने का उसका मकसद बदला लेना था। कुमार के मुताबिक, सरफराज ने बताया कि उसके छोटे भाई मनु ने 2023 में एक नाबालिग लड़की से बलात्कार किया था और इस मामले में अदालत ने मनु को दोषी ठहराया था और वह वर्तमान में 20 साल कैद की सजा काट रहा है।

बड़े पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर प्रहार

मनु को सजा दिलाने में बलात्कार पीड़िता के भाई ने अहम भूमिका निभायी थी और इसी को लेकर वह उससे रंजिश रखता था। कुमार ने बताया कि सरफराज ने एक साजिश के तहत बलात्कार पीड़िता के भाई से दोस्ती की और शुक्रवार शाम को उसे कमला नेहरू नगर में एक सुनसान जगह पर शराब पीने के लिये ले गया तथा शराब पीने के दौरान सरफराज ने एक बड़े पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर प्रहार किये, जिससे उसकी मौत हो गयी। कुमार ने बताया कि पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना हुआ पत्थर बरामद कर लिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें