Betting market: पंजाब के सट्टा बाजार हिला देने वाली बड़ी कार्रवाई में खन्ना पुलिस ने दो ऐसे नामों को शिकंजे में लिया है, जो बरसों से इस अवैध कारोबार के किंग माने जाते हैं। हरसिमरन सिंह रौकी उर्फ बाबा बुकी और सुरजीत सिंह उर्फ पम्मा ओबराय को पुलिस ने दोराहा के एक होटल से गिरफ्तार किया है, जहां स्टेट लेवल का सट्टा अड्डा धड़ल्ले से चल रहा था। ये दोनों सट्टेबाज सिर्फ पंजाब ही नहीं, बल्किविदेशों तक फैले नैटवर्क का संचालन कर रहे थे, जिसकी जांच अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक की जा रही है।

सट्टेबाजों के लिए संदेश- अब कोई नहीं बचेगा
पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि अब सट्टेबाजों और जुआरियों को बख्शा नहीं जाएगा। बाबा बुकी और पम्मा ओबराय जैसे नाम जो खुद को अजेय समझते थे, अब सलाखों के पीछे हैं। ये सिर्फ गिरफ्तारियां नहीं, बल्किउस सिस्टम पर तमाचा हैं, जो सालों से समाज को दीमक की तरह खा रहा था। पंजाब पुलिस का यह अभियान न केवल सट्टेबाजों को बेनकाब कर रहा है, बल्कि उन सफेदपोश सरपरस्तों को भी चेतावनी है जो पर्दे के पीछे से इन रैकेट्स को पनपने देते हैं। अब देखना यह है कि क्या यह कार्रवाई महज़ एक झोंका बनकर रह जाएगी या सट्टे के इस गंदे कारोबार की जड़ से सफाई होगी।
दोराहा से शुरू हुई बड़ी सफाई
जीटी रोड पर स्थित एक होटल में चल रहे इस हाई-प्रोफाइल सट्टा अड्डे पर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा। होटल के बैंक्वेट हॉल में 32 जुआरी मौके पर पकड़े गए, जिनके पास से 11.95 लाख नकद, 90 अमरीकी डॉलर, 6 मोबाइल फोन और 6.37 लाख की नकली करंसी चिप्स बरामद की गईं। ये चिप्स असली पैसों के टोकन की तरह इस्तेमाल होती थीं, जिससे बिना नकद लेन-देन के बड़े दांव लगाए जाते थे।
जमानत नहीं, होगी कड़ी पूछताछ
एसपी (इंवेस्टिगेशन) पवनजीत ने जानकारी दी कि कुल 33 आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। इनमें से 26 को अभी जमानत पर छोड़ा गया है, लेकिन किसी को क्लीन चिट नहीं दी गई। 6 मुख्य आरोपी – बाबा बुकी, पम्मा ओबराय, वरिंदर बेदी सन्नी, हरमीत रिप्सी, सतीश एसके, सुनील बिट्टू – पर गंभीर गैर-जमानती धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। इनके मोबाइल और डिजीटल रिकॉर्ड फॉरैंसिक जांच के लिए भेजे जा रहे हैं ताकि विदेशी लिंक और फंड फ्लो की परतें खोली जा सकें।
क्रिकेट सट्टेबाजी की भी जांच
सूत्रों के अनुसार इस गिरोह द्वारा आईपीएल और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों पर भी बड़ा सट्टा लगवाने का शक है। पुलिस को शक है कि बाबा बुकी और पम्मा ओबराय का कनैक्शन विदेशी सट्टा सिंडिकेट्स से भी है, खासकर दुबई और थाईलैंड में बैठे ऑपरेटरों से। इसकी जांच के लिए पुलिस साइबर सेल और फाइनैंशियल इंटैलिजैंस यूनिट की मदद ले रही है।