Site icon Dainik Savera Times

बोलैरो पिकअप में आए चोर, इलैक्ट्रॉनिक शोरूम के तोड़े सभी कैमरे , 3 ए.सी., एल.ई.डी., टी.वी., लैपटॉप व अन्य सामान ले गए

लुधियाना Bolero : बोलैरो पिकअप पर आए चोरों ने गांव जवद्दी के शहीद करनैल सिंह नगर की सुआ रोड पर इलैक्ट्रॉनिक शोरूम को निशाना बनाया। चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए शोरूम के अंदर व बाहर लगे कैमरे तोड़े और वहां से लाखों का माल 3 ए.सी., एल.ई.डी. टी.वी. व लैपटॉप चोरी कर ले गए।

चोरों ने तोड़े कैमरे
पहचान छिपाने के लिए चोरों ने कैमरे तो तोड़ डाले लेकिन कैमरों का डी.वी.आर. नहीं ढूंढ सके, जिस कारण चोरों की पिकअप गाड़ी और एक चोर इसमें रिकॉर्ड हो गया। रात तकरीबन 12:40 बजे चोर वहां पहुंचे और 2 घंटे के बाद वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। फिलहाल थाना दुगरी की पुलिस ने इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने दर्ज की शिकायत
पुलिस ने यह मामला मॉडल टाऊन के रहने वाले तरणदीप सिंह की शिकायत पर दर्ज किया। तरणदीप का कहना है कि उनका जवद्दी के सुआ रोड पर इलैक्ट्रॉनिक्स शोरूम है। उनका कहना है कि 25/26 जुलाई की रात को चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सुबह ही उन्हें वारदात के बारे में पता चला। उन्होंने आकर देखा तो शटर के ताले टूटे हुए थे और अंदर से ए.सी., एल.ई.डी. व लैपटॉप और अन्य सामान गायब था।

रात 12:40 पर आकर रुकी बोलैरो पिकअप
अंदर और बाहर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे टूटे हुए थे। उन्होंने डी.वी.आर. चैक किया तो वह सुरक्षित था। डी.वी.आर. देखा तो उसमें रात 12:40 पर बोलैरो पिकअप गाड़ी आकर रुकती है। गाड़ी को बैक करके शोरूम के आगे लगाया जाता है। फिर उसमें एक से व्यक्ति कंडक्टर साइड से नीचे उतरता है और फिर वहां लगी फोकस लाइट की तार को डंडे से तोड़ता है। इसके बाद कैमरों का नाइट विजन जैसे ही ऑन होता है, वह कैमरे को भी तोड़ देता है।

रात 2:33 बजे चोर शोरूम के अंदर आता है नजर
तरणदीप का कहना है कि शोरूम के अंदर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे ऑन थे। कैमरों में शोर सुनाई देता है। इसके बाद रात 2:33 बजे वह व्यक्ति शोरूम के अंदर दिखाई देता है। इसका मतलब है कि उसे ताले तोड़कर अंदर घुसने में 2 घंटे लग गए। इसके बाद वह टॉर्च जलाकर आसपास सामान को देखता है। फिर वहां लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे को हाथ से उखाड़ देता है। कैमरे तोड़ने व उखाड़ने के कारण बाद की कोई फुटेज नहीं आई। सी.सी.टी.वी. कैमरे में स्पष्ट है कि पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने मंकी कैप पहनी हुई थी ताकि उसका चेहरा कहीं भी रिकॉर्ड न हो।

सेफ सिटी कैमरों से गाड़ी के नंबर की हो सकती है पहचान
वारदात स्थल से कुछ दूर मठाड़ चौक पर पुलिस के सेफ सिटी कैमरे लगे हैं। इन कैमरों से चोरों की गाड़ी का एसकेप रूट और उसका नंबर नजर आ सकता है, जिससे चोरों को पकड़ने में मदद मिल सकती है। तरुणदीप का कहना है कि वारदात के बारे में पता चलने पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।

Exit mobile version