Site icon Dainik Savera Times

गाजीपुर में तीन दोस्तों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, तालाब में फेंके शव, मचा हड़कंप

CRIME NEWS : उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुरानी रंजिश (आपसी दुश्मनी) ने एक बार फिर खून की होली खेल दी। जहां, गहमर गांव में तीन युवकों की कुल्हाड़ी और चापड़ से हत्या कर दी गई और अपराधियों ने सबूत छिपाने के लिए शवों को तालाब में फेंक दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस और SDRF की टीमें तीसरे शव की तलाश में जुटी हैं।

रंजिश ने लिया खतरनाक रूप
गहमर गांव के दो अलग-अलग मजरों (बस्तियों) के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इस साल की शुरुआत में भी दोनों पक्षों में झगड़ा और मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज हुई थी। बुधवार को विवाद अचानक फिर भड़क गया और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के तीन युवकों पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी और चापड़ जैसे धारदार हथियारों से वार करके उनकी मौके पर ही हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद शव तालाब में फेंके
अपराधियों ने वारदात को छिपाने के लिए तीनों शव तालाब में डाल दिए। बुधवार को पुलिस ने पहला शव निकाल लिया था। दूसरा शव गुरुवार शाम बरामद हुआ।तीसरे शव की तलाश के लिए SDRF की टीम गोताखोरों के साथ काम कर रही है।

गांव में गुस्सा और तनाव
घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने आक्रोश में तारीघाट-बारा मार्ग पर जाम लगा दिया। यह जाम करीब 9 घंटे तक चला।गुस्साए लोग गहमर कोतवाली भी घेरने पहुंच गए। इलाके में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पीएसी तैनात कर दी गई है।

 किसी को बख्शा नहीं जाएगाः पुलिस
पीड़ित परिवार की शिकायत पर 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वाराणसी रेंज के डीआईजी वैभव कृष्ण और एसपी गाजीपुर घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है और कहा है कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ेंः भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पॉलिसी में किया बड़ा बदलाव, Instagram पर Post या Like नहीं कर सकेंगे सैनिक

Exit mobile version