Site icon Dainik Savera Times

UP NEWS : दो पक्षों में हिंसक झड़प, पुलिस टीम पर जान-लेवा हमला, कई लोग घायल

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में थाना क्षेत्र रानीगंज के राम नगर जोगियान गांव में शनिवार को बकरा ईद के त्यौहार के दिन दोपहर बाद दो पक्षों के विवाद में हिंसक झड़प व पुलिस टीम पर जान लेवा हमला किया गया। पुलिस ने इस घटना शामिल 34 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस विभाग से रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ग्राम रामनगर जोगियान में 10 दिन पहले बच्चों में किक्रेट खेलने को लेकर विवाद हुआ था और मारपीट हुई थी इसी को लेकर बदले की चिंगारी सुलग रही थी। उसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच शनिवार को हिंसक झड़प हो गई।

बच्चों के मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के मध्य तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। विवाद देखते ही देखते उग्र रूप ले बैठा और दोनों पक्षों के लगभग 50-60 लोगों ने घरों की छतों से एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर व लोहे की रॉड (सब्बल) से हमला करना शुरू कर दिया, जिसमें दोनों पक्षों के 12 से अधिक लोग घायल हो गए थे।

सूचना प्राप्त होने पर थाना रानीगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। किन्तु उपद्रवियों द्वारा पुलिस टीम पर भी सामूहिक रूप से पथराव करते हुए हमला कर दिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया तथा प्रभावी घेराबंदी कर 34 उपद्रवियों को घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्त एक ही समुदाय के है।
इस संबंध में थाना रानीगंज पर मु0अ0सं0 174/2025, कुल 41 नामजद एवं 10-15 अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version