Dainik Savera Times

एटा में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प, 16 नामजद समेत 150 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, 2 गिरफ्तार

fight

Uttar Pradesh News : एटा जिले के जलेसर कस्बे में वक्फ दरगाह के निकट एक व्यक्ति की पैतृक जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गयी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार की इस घटना के सिलसिले में 16 नामजद समेत 150 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कस्बे में तनाव की स्थिति देखते हुए आज जलेसर के पुलिस क्षेत्रधिकारी (सीओ) नीतेश गर्ग एवं जलेसर के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सुधीर राघव ने भारी पुलिस बल के साथ नगर भ्रमण किया और वक्फ की भूमि बताकर निजी भूमि पर जबरन निर्माण कार्य करने और पथराव करने के दो प्रमुख आरोपियों- रफीक और फरमान उर्फ बंटी को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी राघव ने बताया कि रविवार शाम निजी चारदीवारी गिरा देने तथा विरोध करने पर मारपीट, आपराधिक धमकी तथा हत्या की नीयत से गला दबाने, दंगा फैलाने के आरोपों के तहत रफीक एवं 16 नामजद व्यक्तियों समेत 150 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

fight

आरोपियों में से एक ने शिकायतकर्ता का गला घोंटने की कोशिश की है – राघव
राघव ने कहा, ‘‘आरोपियों में से एक ने शिकायतकर्ता का गला घोंटने की कोशिश की है।’’ उन्होंने बताया कि घटनास्थल की भूमि का निरीक्षण तथा तहसील कर्मियों द्वारा की गई जांच से पता चला कि यह नकटा कुआं मोहल्ले के निवासी अनिल कुमार उपाध्याय, राजेश, रमेश चंद्र आदि की पैतृक जमीन है, जिस पर आरोपियों ने वक्फ की जमीन बताकर अशांति पैदा की।
उन्होंने बताया कि जमीन मालिक चारदीवारी खड़ी कर उस जमीन को घेर रहे थे लेकिन रविवार शाम लगभग पांच बजे अग्रयान मोहल्ले का रफीक कई लोगों के साथ वहां पहुंचा और उसने उक्त भूमि को वक्फ की भूमि बताकर चारदीवारी गिरा दी। विरोध करने पर दर्जन भर से अधिक मोटरसाइकिल एवं अन्य गाड़ियों में तोड़फोड़ की गयी एवं पथराव कर लोगों को घायल कर दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने देर रात्रि में अभियोग पंजीकृत किया।
उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विपिन कुमार मोरल ने बताया कि अभिलेखों में उपयरुक्त गाटा नंबर निजी काश्तकारी भूमि है, जिसकी पूर्व में दरगाह कमेटी के सदस्यों की उपस्थिति में पैमाइश की जा चुकी है। राजस्व अभिलेखों में भी यह जमीन निजी काश्तकारों के नाम दर्ज है।
सीओ गर्ग ने बताया कि झगड़ा एवं पथराव करने वाले लोगों को चिन्हित कर थाना स्तर से आवशय़क कार्यवाही की जा रही है।

कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगी – एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शय़ामनारायण सिंह रविवार रात्रि में ही पुलिस बल के साथ जलेसर आये और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसएसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगी तथा सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जायेगा। उनके अनुसार कस्बे की स्थिति तनावपूर्ण है किंतु शांति-व्यवस्था कायम है।

Exit mobile version