Site icon Dainik Savera Times

शेयर बाजार में कारोबार के नाम पर महिला से 35 लाख रुपये की ठगी

नोएडा। नोएडा के सेक्टर-36 स्थित साइबर अपराध थाने में एक महिला ने शेयर बाजार में कारोबार के नाम पर अज्ञत साइबर ठगों द्वारा उससे 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने की शिकायत दर्ज कराई है। साइबर अपराध थाने के प्रभारी निरीक्षक उमेश नैथानी ने बताया कि ग्रेटर नोएडा की रहने वाली उर्वशी सक्सेना ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके व्हाट्सएप पर कुछ दिन पहले एक संदेश आया, जिसमें ऑनलाइन कारोबार कर लाखों रुपये कमाने का झांसा दिया गया।

नैथानी ने बताया कि जब महिला ने संदेश में दिए गए नंबर पर बात की तो ठगों ने शेयर बाजार में कमायी करने का झांसा देकर उन्हें टेलीग्राम समूह में जोड़ा और महिला को ऑनलाइन कारोबार करने के लिए कहा। ठगों ने उन्हें कुछ मुनाफा भी दिखाया। वह लगातार जालसाजों के बताने पर निवेश करती रही और उनके साथ परिवार के अन्य सदस्यों ने भी निवेश किया।

इस दौरान उन्होंने कुल 35 लाख रुपये निवेश कर दिए। नैथानी ने बताया कि जब महिला ने अपनी रकम निकालनी चाही तो उनके ऑनलाइन कारोबारी खाते को बंद कर दिया गया और उन्हें टेलीग्राम ग्रुप से बाहर कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version