Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

बेटी से शराबी ने की अभद्रता, गुस्से से लाल हुआ पिता… उठाया खौफनाक कदम, इलाके में फैली सनसनी

June 19, 2025

बेटी से शराबी ने की अभद्रता, गुस्से से लाल हुआ पिता… उठाया खौफनाक कदम, इलाके में फैली सनसनी

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के डकोर कोतवाली क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां के सिमिरिया गांव में एक युवक को सिर्फ इसलिए पीट-पीटकर मार डाला गया क्योंकि उस पर आरोप था कि उसने शराब के नशे में एक शादीशुदा युवती से बदसलूकी की थी। युवती की शिकायत पर उसके पिता ने युवक को बुरी तरह पीटा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

युवक की पहचान और घटना का सिलसिला

आपको बता दें कि मृतक की पहचान कल्लू (28 वर्ष) पुत्र चंद्रशेखर राजपूत के रूप में हुई है। बुधवार सुबह वह पूरी तरह शराब के नशे में था, जब गांव की एक शादीशुदा युवती पानी भरने हैंडपंप पर आई। उसी वक्त उसने युवती से गाली-गलौच और अभद्र बातें कीं। युवती इन दिनों अपने मायके में रह रही थी, क्योंकि उसका अपने पति से झगड़ा चल रहा था।

पिता ने गुस्से में कर दी पिटाई

बेटी से यह अपमानजनक बात सुनकर पिता राकेश राजपूत का गुस्सा फूट पड़ा। उसने कल्लू को वहीं हैंडपंप के पास पकड़ लिया और बांस के डंडे से बेरहमी से पीटा। मारपीट इतनी भयानक थी कि युवक कुछ ही देर में वहीं गिर गया और कई घंटे तक बिना किसी मदद के जमीन पर पड़ा रहा। जब गांव के लोगों ने उसे उठाना चाहा तो वह मृत पाया गया।इस घटना की शुरुआत में पुलिस को सूचना नहीं दी गई। लेकिन जब कल्लू की मौत की खबर फैली तो डकोर कोतवाली पुलिस को बुलाया गया। मौके पर सीओ अर्चना सिंह और फील्ड यूनिट की टीम पहुंची। शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज

वहीं पुलिस ने कल्लू के परिजनों की तहरीर पर आरोपी राकेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में राकेश ने स्वीकार किया कि उसने अपनी बेटी की इज्जत बचाने के लिए युवक को मारा। फिलहाल आरोपी हिरासत में है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गांव में तनाव, पुलिस तैनात

इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए गश्त और तैनाती बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि कल्लू अक्सर शराब पीकर गांव की महिलाओं से बदतमीजी करता था। वह अविवाहित था और मजदूरी करके जीवन यापन करता था। इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि गुस्से में उठाया गया कदम कितना घातक हो सकता है। हालांकि मृतक के खिलाफ कई तरह की शिकायतें थीं, लेकिन कानून को हाथ में लेना किसी भी हालत में सही नहीं ठहराया जा सकता। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और सच सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें