Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

गोंडा में युवक का अपहरण कर मांगी फिरौती

July 26, 2024

गोंडा में युवक का अपहरण कर मांगी फिरौती

गोंडा। गोंडा जिले के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में फूलों का कारोबार करने वाले एक युवक का अपहरण कर कथित तौर पर फिरौती मांगी गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार कर्नलगंज थाना पुलिस ने युवक के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर अपहृत युवक की बरामदगी के लिए टीमों को रवाना किया है। गोंडा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनीत जायसवाल ने शुक्रवार को बताया कि जिले के कर्नलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बसेहिया (धौरहरा) का रहने वाला अजरुन कुमार (35) बड़े पैमाने पर फूलों का व्यवसाय करता है।

उन्होंने बताया कि बुधवार की देर शाम अजरुन कर्नलगंज बाजार आया था, किंतु देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने फोन पर बात करने की कोशिश की, तो उसका फोन बंद हो गया। काफी देर बाद रात में फोन ऑन होने पर अजरुन के पिता चंद्रिका प्रसाद लोध ने उससे बात करने का प्रयास किया तो वह रो रहा था।
एसपी ने बताया कि तहरीर के आधार पर युवक के गुमशुदगी का अभियोग दर्ज कर उसकी तलाश में टीमें लगाई गई! उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे अजरुन के मोबाइल से उसके भाई राकेश के पास किसी ने फोन करके कहा कि मैं किडनैपर बोल रहा हूं। तुम्हारे बच्चे का अपहरण कर लिया है। गोरखपुर में है और 60 लाख रू लेकर छोड़ेंगे।

एसपी ने बताया कि फिरौती की रकम न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंन बताया कि पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन का पता लगाया तो वह लखनऊ की निकली। इसके बाद रात में ही गोंडा से पुलिस की एक टीम लखनऊ पहुंची किंतु फोन बंद होने के कारण युवक का पता नहीं लग सका। उन्होंने बताया कि गुमशुदगी के मामले को अपहरण की धारा में दर्ज करके पुलिस टीमें युवक और अपहर्ताओं की तलाश में जुटी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें