Last Updated: November 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

हज 2025 के लिए 1,22,518 हाजियों का लॉटरी के जरिए हुआ चयन

October 8, 2024

हज 2025 के लिए 1,22,518 हाजियों का लॉटरी के जरिए हुआ चयन

नयी दिल्ली: हज 2025 के लिए सोमवार को यहां 1,22,518 हाजियों का लॉटरी के जरिए चयन हुआ।

इसके लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया के ब्रांच कार्यालय में कम्प्यूटरीकृत लॉटरी निकाली गयी। इस प्रक्रिया को पहली बार लगभग 6000 से अधिक लोगों ने हज कमेटी ऑफ इंडिया की साइट पर देखा।

लॉटरी का उद्घाटन हज कमेटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन ए.पी. अब्दुल्ला कुट्टी ने किया। इस अवसर पर अल्पसंख्यक मंत्राल के निदेशक एवं हज कमेटी ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. लियाकत अली आफाकी ने बताया कि हज 2025 के लिए के समिति का कोटा 1,22,518 निर्धारित है, जबकि 1,51,918 सही आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से लगभग 20,000 आवेदन हज सेवा ऐप के जरिए प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक 24,484 आवेदन गुजरात से प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि 65 वर्ष और उससे अधिक उम्र के 14,728 हाजियों और 3,717 महिलाओं का चयन बिना लॉटरी के किया गया है।

डॉ. आफाकी ने बताया कि छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तराखंड में लॉटरी के जरिए हाजियों का चयन किया गया, जिसकी जानकारी हाजियों को एस.एम.एस. के जरिए तुरंत दी गई। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, बिहार, असम और आंध्र प्रदेश की सभी आवेदनों को बिना लॉटरी के चुन लिया गया, क्योंकि इन राज्यों में कोटे के अंदर आवेदन प्राप्त हुए थे।

उन्होंने बताया कि इस साल इन सभी हाजियों की मदद और मार्गदर्शन के लिए 817 राज्य हज निरीक्षक (खादिमुल हज) सऊदी अरब में भेजे जाएंगे।
लॉटरी के अवसर पर समिति के संयुक्त सचिव (हज) सी.पी.एस. बख्शी, उप सचिव एवं उप सीईओ नजीम अहमद, उप सचिव अंकुर यादव, अवर सचिव मोहम्मद नदीम, सिल्वरटेक के प्रतिनिधि सहित अन्य उच्च अधिकारी मौजूद थे।

लॉटरी में चयनित सभी हाजियों को बधाई देते हुए डॉ. आफाकी ने अपील की कि वे अग्रिम हज राशि 1,30,300 रुपये बैंक रेफरेंस नंबर के साथ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की किसी भी शाखा में 21 अक्टूबर 2024 तक जमा कर दें। हाजियों को ई-पेमेंट की सुविधा भी हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट और हज सुविधा ऐप पर उपलब्ध रहेगी। चयनित हाजियों से निवेदन है कि वे हज आवेदन फॉर्म, हलफनामा, राशि जमा कराने की रसीद, स्वयं की सत्यापित अंतरराष्ट्रीय मशीन से पढ़े जाने वाले पासपोर्ट की कॉपी और मेडिकल स्क्रिनिंग चथा स्वास्थ्य प्रमाणपत्र (जिसका खाका हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर मौजूद है) अपनी संबंधित राज्य हज समिति को 23 अक्टूबर 2024 तक जरूर जमा कर दें।

डॉ. आफाकी ने कहा कि हाजी आज ही से मानसिक रूप से इस पवित्र यात्रा के लिए तैयार कर लें और सतह पर आयोजित हज प्रशिक्षण कार्यक्रम में जरूर भाग लें, ताकि यात्रा के दौरान सभी कठिनाइयों से सुरक्षित रह सकें और हज के फर्जों को सही तरीके से अंजाम दे सकें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें