Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली के सरकारी स्कूलों के 1414 छात्रों ने पास की नीट परीक्षा, शिक्षा मंत्री ने दी बधाई

नयी दिल्ली: दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा है कि दिल्ली सरकार के स्कूलों के 1400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पास कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

सुश्री आतिशी ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली सरकार के स्कूलों के छात्रों ने नीट की परीक्षा में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है और इस साल नीट के नतीजे आने के बाद दिल्ली सरकार के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों ने अपने पिछले कई सालों के नीट के रिकॉर्ड तोड़ दिए है। इस साल दिल्ली सरकार के स्कूलों के 1414 छात्रों ने नीट की परीक्षा पास की है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के स्कूलों से नीट की परीक्षा पास करने वाले बच्चों की संख्या हर साल बढ़ती आई है। 2020 में यह संख्या 569 थी। साल दर साल बढ़ते हुए अब 2024 में यह संख्या 1414 पहुँच गई है।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि केजरीवाल सरकार के डॉ.बी.आर.अंबेडकर स्कूल ऑफ़ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस के 255 बच्चों ने नीट की परीक्षा दी और उनमें से 243 बच्चों ने यह परीक्षा पास की यानी 95 फ़ीसदी बच्चों ने नीट की परीक्षा पास की।

उन्होंने कहा कि 95 फ़ीसदी की इतनी शानदार सफलता दर न तो पूरे देश में किसी स्कूल का या बड़े-बड़े विज्ञापन लगाने वाले किसी बड़े संस्थान का रहा होगा।

शिक्षा मंत्री ने कहा 10 साल पहले तक कोई सोच भी नहीं सकता था कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे जेईई-नीट की परीक्षा पास करेंगे।

Exit mobile version