Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली के संगम विहार में लाउडस्पीकर बजाने से मना करने पर पुलिसकर्मी को भीड़ ने पीटा

नयी दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके में एक धाíमक सभा में तय समय के बाद लाउडस्पीकर बजाने से मना करने पर एक सहायक उपनिरीक्षक को भीड़ ने कथित तौर पर पीटा। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घायल अधिकारी की कलाई में फ्रैक्चर हो गया है और उसका इलाज चल रहा है। यह घटना चार जून की रात को हुई, जब आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात एएसआई ने धार्मिक आयोजन में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर कार्रवाई की।

अधिकारी ने बताया, एएसआई गली नंबर 1, चार चौक के पास पहुंचा, जहां करीब 200 लोग जागरण के लिए एकत्र हुए थे। उसने आयोजकों को बताया कि लाउडस्पीकर के इस्तेमाल का समय रात 10 बजे समाप्त हो गया है, जबकि रात के 11:30 बज चुके थे और उन्होंने आयोजकों से इसे बंद करने को कहा। हालांकि, कथित तौर पर आयोजकों ने ऐसा करने से इनकार कर दिया और अधिकारी के साथ बहस शुरू कर दी।

पुलिस ने बताया कि जब एएसआई ने उपकरण जब्त करने की कोशिश की तो करीब 20 से 25 लोगों ने कथित तौर पर उसे घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। हाथापाई के दौरान एक एम्पलीफायर से उसके हाथ में चोट लग गयी, जिससे फ्रैक्चर हो गया। भीड़ ने उसकी वर्दी भी फाड़ दी।

अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

ये भी पढ़ें : LPG संकट के बीच राहत: 6 साल बाद ईरान से भारत आ रही गैस

Exit mobile version