Site icon Dainik Savera Times

सिख दंगों को लेकर AAP ने कांग्रेस पर सांधा निशाना, कांग्रेस को कोई माफी नहीं

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के दिखावटी प्रेम से जनता सिख दंगे के लिए कांग्रेस को माफ नहीं करने वाली है।

आप की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि सिख दंगे के दौरान बकायादा सिखों को चिंहित किया गया, बच्चों को मारा गया, लोगों को जिंदा जलाया गया और महिलाओं के साथ दुष्कर्म किए गए। राहुल गांधी द्वारा गलती स्वीकारने से क्या होगा? उस वक्त अंतर्राष्ट्रीय मीडिया ने कहा था कि यह कवर-अप की जननी है। कोर्ट के फैसले देखें तो लिखा है कि पुलिस और सरकार का नरसंहार में मिलीभगत देख कर हमारा सिर शर्म से झुक गया है। यह बहुत बड़ा नरसंहार था।

सुश्री कक्कड़ ने कहा कि इस नरसंहार के लिए जिम्मेदार राज्य सरकार और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के खिलाफ आज तक क्या कार्रवाई हुई? कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में हमेशा सज्जन कुमार और जगदीश टाइटलर को प्रमोट किया और राहुल गांधी के कार्यकाल में ही कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाया गया। राहुल गांधी किस तरह से गलती स्वीकार कर रहे हैं। दिखावटी प्रेम से कुछ नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करना चाहिए था, जिन पर दंगे में शामिल होने की बात साबित हुई लेकिन इन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। दिखावटी प्रेम से जनता इनको माफ नहीं करने वाली है। सिख दंगे में शामिल लोगों को सजा मिलनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- ग्लोबल दबाव के बीच भी मजबूत रहा बाजार, आगे सुधार की संभावना

Exit mobile version