Site icon Dainik Savera Times

केजरीवाल की ईमानदारी पर होगा विधानसभा का चुनाव: सिसोदिया

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी(आप) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली का चुनाव अरविंद केजरीवाल की ईमानदारी पर होगा।

सिसोदिया ने सोमवार को करोलबाग विधानसभा में पदयात्रा कर लोगों से संवाद करते हुए कहा कि दिल्ली का चुनाव अरविंद केजरीवाल की ईमानदारी पर होगा। भाजपा केजरीवाल की ईमानदारी पर दाग लगाने की खूब कोशिश कर रही हैं, लेकिन दिल्ली की जनता मानने को तैयार ही नहीं हैं। एक तरफ, केजरीवाल स्कूल- कॉलेज, मोहल्ला क्लीनिक बना रहे हैं, बिजली-पानी के बिल शून्य कर रहे हैं और दूसरी तरफ भाजपा दिल्ली के काम रोक रही है।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल हमारे बीच आ गए हैं और सड़क पर उतर कर काम कर रहे हैं। भाजपा ने केजरीवाल को बहुत रोकने की कोशिश की। पिछले नौ-दस साल से केजरीवाल काम किए जा रहे हैं। भाजपा वालों ने हमारे काम रोकने के लिए सबसे पहले हमारे विधायकों पर खूब केस लगाए। पूरे दिल्ली में इन्होंने एमएलए और पार्षदों को छांट-छांटकर कर उन पर केस लगाए लेकिन फिर भी केजरीवाल के काम नहीं रुके।

आप नेता ने कहा कि आज तक के इतिहास मे ऐसा चुनाव नहीं हुआ होगा, जब पांच साल सरकार चलाने बाद कोई मुख्यमंत्री जनता के बीच जाए और कहे कि अगर मैंने काम किया है तो तो मुझे वोट देना वरना मत देना।

Exit mobile version