नई दिल्ली: 26 जनवरी गणतंत्र दिवस से पहले देश की सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, प्रतिबंधित खालिस्तानी आतंकी संगठन और बांग्लादेश में सक्रिय आतंकी समूह दिल्ली समेत देश के कई बड़े शहरों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: ‘यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई’, BMC चुनाव नतीजों पर शिवसेना (UBT) का तीखा बयान
इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के सूत्रों ने बताया है कि पंजाब के कुछ गैंगस्टर विदेश में बैठे खालिस्तानी और कट्टरपंथी हैंडलर्स के लिए “फुट सोल्जर” यानी ज़मीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। ये लोग आतंकी नेटवर्क के संपर्क में आकर देश की आंतरिक सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की साजिश कर सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, ये गैंगस्टर दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सक्रिय हैं। धीरे-धीरे इनका संपर्क खालिस्तानी आतंकी तत्वों से बढ़ रहा है। विदेशी हैंडलर अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए आपराधिक नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहे हैं।
खुफिया एजेंसियों ने साफ चेतावनी दी है कि 26 जनवरी से पहले हमला करने की कोशिश की जा सकती है, इसलिए सभी राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
गणतंत्र दिवस परेड से पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए कई मॉक ड्रिल की हैं। जनवरी के पहले पखवाड़े में उत्तरी दिल्ली में 4 मॉक ड्रिल की गईं। इनमें आतंकवादी हमले जैसी स्थितियों से निपटने की तैयारी को परखा गया।
जिन जगहों पर मॉक ड्रिल की गई, उनमें शामिल हैं, लाल किला, ISBT कश्मीरी गेट, चांदनी चौक, खारी बावली, सदर बाजार और प्रमुख मेट्रो स्टेशन। इन इलाकों को भीड़भाड़ और सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। इन अभ्यासों का उद्देश्य आतंकवाद विरोधी तैयारियों को मजबूत करना, एजेंसियों की प्रतिक्रिया समय को सुधारना और आम लोगों को सतर्क करना था।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में हिंदू युवक की बेरहमी से हत्या, कार से कुचलकर उतारा मौत के घाट
26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कम से कम 30 झांकियां निकाली जाएंगी। ये झांकियां देश की सांस्कृतिक विरासत और विकास को दर्शाएंगी। परेड की थीम होगी, “स्वतंत्रता का मंत्र – वंदे मातरम”, “समृद्धि का मंत्र – आत्मनिर्भर भारत”। यह आयोजन राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूरे होने का भी प्रतीक होगा।