Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

गार्डन गैलेरिया मॉल में बाउंसरों ने डांस कर रहे युवक को जमकर पीटा… लोगों मची खलबली, देखें VIDEO

February 7, 2026

गार्डन गैलेरिया मॉल में बाउंसरों ने डांस कर रहे युवक को जमकर पीटा… लोगों मची खलबली, देखें VIDEO

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर का मशहूर पार्टी हब गार्डन गैलेरिया मॉल एक बार फिर विवादों में है। इस बार मामला बाउंसरों की कथित मारपीट से जुड़ा है। घटना 6 फरवरी की रात की बताई जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, मॉल में मौजूद ‘इम्पल्स बार’ में दो अलग-अलग ग्रुप्स के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। बहस बढ़ते-बढ़ते हाथापाई में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाए, जिससे बार के अंदर अफरा-तफरी मच गई। पहले खबर आई थी कि झगड़ा किसी गेस्ट और बाउंसर के बीच हुआ था, लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि लड़ाई दो ग्रुप्स के बीच शुरू हुई थी।

बाउंसरों पर युवकों को बेरहमी से पीटने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के आधार पर आरोप है कि झगड़े के दौरान कुछ बाउंसरों ने दो युवकों को घेर लिया और उन्हें जमीन पर गिराकर बुरी तरह पीटा। बताया जा रहा है कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक को कई लोग मिलकर मार रहे हैं।

 

 

वीडियो बनाने वाले युवक से भी मारपीट
घटना का एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। बताया जा रहा है कि जब एक अन्य युवक इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश कर रहा था, तब महिला बाउंसरों ने भी उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि वीडियो बनने से रोकने या सबूत मिटाने की कोशिश में उस युवक को निशाना बनाया गया।

पुलिस ने 7 लोगों को किया गिरफ्तार
यह पूरा मामला नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने बताया कि झगड़े में शामिल दोनों ग्रुप्स के कुल 7 लोग थे। इनमें से ज्यादातर लोग नशे की हालत में थे। सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आगे की पहचान और जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक बाउंसर स्थिति संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मारपीट के आरोपों की जांच जारी है।

गार्डन गैलेरिया में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
यह पहली बार नहीं है जब गार्डन गैलेरिया मॉल में इस तरह की हिंसा की खबर सामने आई हो। इससे पहले भी यहां बाउंसरों और गेस्ट के बीच झगड़े और मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में गुस्सा है और सोशल मीडिया पर भी कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें