Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां से माफी मांगे कांग्रेस’, अमित शाह का राहुल गांधी पर हमला

August 29, 2025

‘पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां से माफी मांगे कांग्रेस’, अमित शाह का राहुल गांधी पर हमला

नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। यह बयान उन्होंने असम के गुवाहाटी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दिया। उन्होंने कांग्रेस की ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ की आलोचना करते हुए कहा कि इस यात्रा के जरिए कांग्रेस नेता घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

राहुल गांधी की यात्रा पर कटाक्ष

शाह ने कांग्रेस की यात्रा को “घुसपैठिया बचाओ यात्रा” बताते हुए कहा, “राहुल गांधी की यात्रा में उनकी नफरत की राजनीति का सबसे नीच स्तर देखने को मिला। प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह शर्मनाक है। राहुल गांधी को मोदी जी और उनकी मां से माफ़ी मांगनी चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेताओं ने पहले भी कई बार पीएम मोदी के खिलाफ अपमानजनक शब्द इस्तेमाल किए हैं।

कांग्रेस नेताओं पर गंभीर आरोप

अमित शाह ने कहा, “यह पहली बार नहीं है। जब से मोदी जी गुजरात के मुख्यमंत्री बने हैं, तब से कांग्रेस के कई नेता उन्हें ‘मौत का सौदागर’, ‘ज़हरीला सांप’, ‘रावण’ और ‘वायरस’ जैसे नामों से बुलाते रहे हैं।” उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मणिशंकर अय्यर, जयराम रमेश और रेणुका चौधरी जैसे नेताओं का नाम लेकर कांग्रेस की “घृणा की राजनीति” की निंदा की।

 

दरभंगा वीडियो विवाद

शाह की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद आई है, जिसमें एक व्यक्ति को प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द बोलते हुए देखा गया। यह वीडियो इंडिया ब्लॉक के एक कार्यक्रम से जुड़ा बताया जा रहा है। दरभंगा पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया है और केस दर्ज किया गया है।

“जितनी गालियां दोगे, उतना खिलेगा कमल”

बिहार में कांग्रेस की यात्रा पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, “आप जितनी गालियां दोगे, कमल उतना ही खिलेगा। हर चुनाव में आपने गालियां दीं, और हारने के बाद आप अब ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ पर निकल पड़े हैं।” उन्होंने कहा, “अगर घुसपैठिए चुनावों को प्रभावित करेंगे तो देश और राज्य की सुरक्षा कैसे होगी?”

असम में विकास और सांस्कृतिक गतिविधियां

अमित शाह के इस दौरे में गुवाहाटी के राजभवन के नए ब्रह्मपुत्र विंग का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में पूर्वोत्तर भारत ने शांति, विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा, “पूर्वोत्तर क्षेत्र ने संघर्ष के दौर देखे हैं, लेकिन आज यह क्षेत्र विकास और समग्र सुरक्षा की राह पर है।”

अन्य कार्यक्रम

ज्योति-विष्णु सांस्कृतिक परिसर की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। यह एक 5,000 सीटों वाला ऑडिटोरियम होगा, जो असम की संस्कृति को बढ़ावा देगा। पूर्व मुख्यमंत्री गौरप बोरबोरा की जन्मशती के अवसर पर कार्यक्रम का उद्घाटन किया जाएगा। शाह राष्ट्रीय साइबर फोरेंसिक लैब का उद्घाटन भी करेंगे। साथ ही, आईटीबीपी, एसएसबी और असम राइफल्स को कई नई परियोजनाएँ समर्पित की जाएंगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें