Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली: त्रिलोकपुरी में बॉडी बिल्डर को गोली मारने मामले में 2 गिरफ्तार

December 12, 2024

दिल्ली: त्रिलोकपुरी में बॉडी बिल्डर को गोली मारने मामले में 2 गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली में कथित तौर पर पारिवारिक दुश्मनी के चलते हमलावरों के एक समूह ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। पुलिस ने बताया कि मामले में तीन में से दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार की रात उस समय हुई जब पीड़ित रवि यादव (32) त्रिलोकपुरी इलाके में अपने घर के पास अलाव पर हाथ ताप रहा था। पुलिस ने बताया कि रवि को कई गोलियां लगी हैं और उसे उपचार के लिए मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

वीरेंद्र यादव नाम के एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसके भतीजे को गोली मार दी गई है। पुलिस के बयान के अनुसार, उन्होंने आरोप लगाया कि सुनील गुप्ता उर्फ गोलू और उसके दो साथी गोलीबारी में शामिल थे। पूर्वी दिल्ली की कड़कड़डूमा अदालत में बतौर अधिवक्ता कार्यरत वीरेंद्र यादव ने कहा, ‘‘रवि और उसके परिवार की गोलू के परिवार के साथ लंबे समय से दुश्मनी है।’’ पुलिस ने कहा, ‘‘पीड़ित हत्या के प्रयास के एक मामले में शामिल था, जहां उसने और उसके साथियों ने इस वर्ष मार्च में गोलू पर चाकू तथा लाठियों से हमला किया था।’’

पुलिस के अनुसार, आरोप है कि गोलू के भाई विपिन को हाल ही में वीरेंद्र यादव द्वारा दायर कई शिकायतों और सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के कारण अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा। उन्होंने बताया कि विवाद को लेकर कड़कड़डूमा अदालत में बुधवार को दोनों परिवारों का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिवक्ताओं के बीच जोरदार बहस हुई। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस अभी भी तथ्यों की पुष्टि कर रही है और जांच जारी है। उन्होंने कहा, ‘‘नामजद तीन संदिग्धों में से दो को पकड़ लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।’’ उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 109/3 (5) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें