Site icon Dainik Savera Times

Delhi Air Pollution : दिल्ली में वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार, न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज

Delhi Air Pollution : दिल्ली में मंगलवार को वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार हुआ और सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 274 दर्ज किया गया। यह वायु प्रदूषण के लिहाज से दिल्लीवासियों के लिए राहत भरा लगातार तीसरा दिन है। दिल्लीवासियों के लिए नवंबर की तुलना में दिसंबर की शुरुआत में सांस लेना आसान रहा है। नवंबर के अधिकतर दिनों में हवा जहरीली बनी रही थी।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार सुबह नौ बजे राष्ट्रीय राजधानी का एक्यूआई 274 दर्ज किया गया। सोमवार को दिल्ली का 24 घंटे का एक्यूआई 280 रहा था। शहर के 37 निगरानी स्टेशन में से आठ ने वायु गुणवत्ता को ‘बहुत खराब’ (300 से 400 के बीच) श्रेणी में दर्ज किया।

इन स्टेशन में बवाना, जहांगीरपुरी, मुंडका, रोहिणी, आर के पुरम, शादीपुर और सिरी फोर्ट शामिल हैं। बाकी स्टेशन में हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ (200 से 300 के बीच) श्रेणी में दर्ज की गई। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

भारत मौसम विज्ञन विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। सुबह साढ़े आठ बजे आद्र्रता का स्तर 95 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में हल्का कोहरा छाए रहने तथा अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है।

Exit mobile version