
Delhi AQI level today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) रविवार सुबह 352 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में घनी धुंध (स्मॉग) की चादर छाई रही।
PM10 और PM2.5 प्रमुख प्रदूषकों के रूप में बने हुए हैं। सुबह 7:05 बजे तक कई निगरानी केंद्रों पर AQI का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया।
AQI हुआ 400 पार
IIT दिल्ली में AQI 425 दर्ज किया गया, इसके बाद ITO में 415, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 403, दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस और पूसा में 402-402 तथा बुराड़ी क्रॉसिंग में 400 दर्ज किया गया।
अन्य निगरानी केंद्रों में पंजाबी बाग का AQI 386, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) का 383, अक्षरधाम मंदिर का 365, आर.के. पुरम का 339, ओखला फेज-2 का 330 और मैदानगढ़ी का 325 दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें- छठ पूजा का आज तीसरा दिन, डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे श्रद्धालु
कुछ निगरानी केंद्रों पर AQI का स्तर तुलनात्मक रूप से कम रहा। नजफगढ़ में यह 298, IGNOU-मैदानगढ़ी में 278 और IMD लोधी रोड (IITM) में 280 दर्ज किया गया, जो सभी ‘खराब’ श्रेणी में आते हैं। वहीं, कैंटोनमेंट क्षेत्र में AQI 165 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में है।
दिल्ली में GRAP-3 लागू
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 6 नवंबर को NCR और आसपास के क्षेत्रों में GRAP-3 लागू करने का आदेश दिया है।
टाइप-2 डायबिटीज का बढ़ा खतरा
इस बीच, एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्वास्थ्य विश्लेषण में शोधकर्ताओं ने पाया कि सूक्ष्म कणों के लंबे समय तक संपर्क में रहने का संबंध टाइप-2 डायबिटीज विकसित होने के 10 से 16 प्रतिशत अधिक जोखिम से है।
मेटाबॉलिज्म हो रहा गंभीर रूप से प्रभावित
दुनियाभर में 20 करोड़ से अधिक प्रतिभागियों के संचयी आंकड़ों पर आधारित इस अध्ययन में यह स्थापित किया गया है कि वायु प्रदूषण अब केवल हृदय और फेफड़ों से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शरीर के मेटाबॉलिज्म को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। यह अध्ययन दक्षिण एशिया जैसे अत्यधिक प्रदूषण वाले क्षेत्रों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है और इस बात की आवश्यकता पर जोर देता है कि हृदय एवं मेटाबॉलिक स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों की रोकथाम की योजनाओं में वायु प्रदूषण को भी शामिल किया जाए।