Delhi AQI level today: मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमानों के अनुसार, दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में तापमान लगातार गिरता जा रहा है। सुबह और शाम के साथ-साथ अब दिन के समय भी ठंड का एहसास तेजी से होने लगा है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे ठंड में और इजाफा होगा।
वहीं, दूसरी तरफ हवा की गुणवत्ता (AQI) अभी भी खतरे के निशान से नीचे नहीं आई है, जिससे लोगों को प्रदूषण के साथ-साथ ठंड से भी जूझना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 20 नवंबर से 25 नवंबर तक साफ तौर पर कोहरे का असर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस दिन न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आसपास ही रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा परेशान करेगा। मौसम में आ रहे इस बदलाव के बीच दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता चिंता का विषय बनी हुई है।
ये भी पढ़ें- Cyclone Akvan: ओडिशा-आंध्र के तटों पर पहुंचा तूफान, अगले 2 घंटे में लैंडफॉल की आशंका
प्रदूषण के कण वातावरण में हो रहे हैं जमा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हवा की गुणवत्ता सूचकांक अभी भी ‘खतरे के निशान’ के आसपास बना हुआ है। कोहरे और धुंध के कारण प्रदूषण के कण वातावरण में जमा हो रहे हैं, जिससे सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक तेज हवाएं नहीं चलेंगी, तब तक प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
अलग-अलग इलाकों में AQI लेवल
निगरानी स्टेशनों में, सिरी फोर्ट में AQI 348 दर्ज किया गया, इसके बाद पूसा में 337 और जेएनयू में 338 दर्ज किया गया। चांदनी चौक और बुराड़ी क्रॉसिंग दोनों में AQI 331 दर्ज किया गया, जो उन्हें बहुत खराब श्रेणी में रखता है। दूसरे मॉनिटरिंग स्टेशनों ने भी प्रदूषण का लेवल बढ़ा हुआ बताया, ITO में AQI 322, जहांगीरपुरी में 311, पंजाबी बाग में 309 और नॉर्थ कैंपस में 308 रिकॉर्ड किया गया। आरके पुरम में AQI 259 रिकॉर्ड किया गया, जबकि आनंद विहार में AQI 267 बताया गया, दोनों ही ‘खराब’ कैटेगरी में आते हैं।

