Site icon Dainik Savera Times

Delhi building collapse: रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन में मलबे से निकाले गए 9 लोग, 1 की हुई मौत

Delhi building collapse

Delhi building collapse

Delhi building collapse: दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक पांच मंजिला इमारत के ढह गई। इस घटना में कई लोग मलबे में दब गए थे, जिसके बाद पूरी रात राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया और 9 लोगों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।

ताजा जानकारी के अनुसार, 8 घायलों का इलाज AIIMS ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, 7 लोगों को दिल्ली फायर सर्विस (DFS) ने एनडीआरएफ, डीडीएमए और अन्य एजेंसियों की मदद से बाहर निकाला, जबकि दो लोगों को स्थानीय लोगों ने बचाया।

मृतक की पहचान
मृतक की पहचान रवि (26) के रूप में हुई है। ड्यूटी पर मौजूद मेडिकल अधिकारी ने उसे अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें: Himachal: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 8 लोगों की दर्दनाक मौत

घायलों की पहचान
घायलों में तरुण कुमार (26), गुरुग्राम निवासी, साइका खान (27), बिहार निवासी, नीलम यादव (25), सैदुलाजब निवासी, आदित्य शर्मा (24), सैदुलाजब निवासी, क्षितिज प्रताप (25), नोएडा निवासी, अनुज दीक्षित (25), साकेत निवासी, आस्था (25), सैदुलाजब निवासी विशाल (24), साकेत निवासी शामिल हैं।

बचाव कार्य अभी भी जारी
हादसे के बाद पूरी रात सिविल डिफेंस, पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घटनास्थल पर तलाशी और बचाव कार्य अभी भी जारी है। रविवार सुबह अभियान को और तेज कर दिया गया तथा भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।

बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात
यह हादसा साकेत मेट्रो स्टेशन के पास वेस्टर्न मार्ग स्थित सैदुलाजब इलाके में हुआ। इमारत के ढहने के बाद आसपास के क्षेत्रों में भी नुकसान पहुंचा और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों तथा राहतकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया।

इमारत गिरने की वजह जांच रही एजेंसियां
प्रशासन का कहना है कि कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए खोज अभियान अभी भी जारी है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

ये भी पढ़ें- Surya Chauhan Murder Case: मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर, सिर पर था 50 हजार का इनाम

 

हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। संबंधित एजेंसियां इमारत गिरने की वजह की जांच कर रही हैं।

बीती रात हुई थी घटना
बता दें कि इमारत गिरने की यह घटना शनिवार देर शाम हुई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को शाम 7:44 बजे इसकी पहली सूचना मिली, जिसके बाद उसने तुरंत वेस्टर्न मार्ग स्थित घटनास्थल पर चार दमकल गाड़ियां भेजीं। इसके बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), दिल्ली पुलिस, नागरिक सुरक्षा इकाइयों और एम्बुलेंस सहित अन्य बचाव दल भी अभियान में शामिल हो गए।

कैंटीन पर गिरी इमारत
बताया जा रहा है कि इमारत बगल में स्थित एक टिन शेड वाली कैंटीन पर गिर गई, जहां बच्चे खाना खा रहे थे। इसके कारण वहां मौजूद सभी लोग मलबे में फंस गए।

Exit mobile version