Site icon Dainik Savera Times

आपस में भिड़े 2 दोस्त, चाकू से किए एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ वार, इलाके में मचा हड़कंप

Delhi Double Murder Case

Delhi Double Murder Case

Delhi Double Murder Case : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तिलक नगर में दोहरे हत्याकांड की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दो दोस्तों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों की मौत हो गई। मामला पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर थाना क्षेत्र का है। पता चला है कि संदीप और आरिफ अच्छे दोस्त थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। आपसी झगड़े के चलते दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

झगड़े की वजह सामने नहीं आई है-
जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्त तिलक नगर थाना क्षेत्र स्थित खियाला बी ब्लॉक में अपने परिवार और बच्चों के साथ रहते थे। संदीप का प्रॉपर्टी का कारोबार था और वह पहले जिन ट्रेनर भी था। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि संदीप और आरिफ के बीच झगड़े की वजह क्या थी और यह खूनी वारदात कैसे हुई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेज दिया है।

कुछ ही दिनों में सामने आए हैं कत्ल के कई मामले-
तिलक नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में हत्या की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले, 8 जुलाई को दिल्ली में एक दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया था। उत्तरी दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में 22 वर्षीय एक महिला और उसकी सहेली की बेटी के शव मिले थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों की चाकू मारकर हत्या की गई थी। हालांकि, पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पता चला है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने आत्महत्या करने की कोशिश की थी।

इसके अलावा, 3 जुलाई को दिल्ली के लाजपत नगर में एक महिला और उसके बेटे की उनके घर में ही हत्या कर दी गई थी। हत्यारे ने मां-बेटे का गला रेत दिया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

Exit mobile version