Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली सरकार ने दिल्ली में मोहल्ला बस सेवा का ट्रायल किया शुरू

नयी दिल्ली: दिल्ली में यात्रियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए सरकार ने सोमवार को मोहल्ला बस सेवा का ट्रायल शुरु किया जो सात दिनों तक चलेगा।

दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने पत्रकारों से कहा,“मोहल्ला बस सेवाओं की शुरूआत दिल्ली में लास्ट माईल कनेक्टिविटी को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन बसों को सीमित सड़क चौड़ाई और उच्च भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस ट्रायल के द्वारा हम यात्रियों से उनके अनुभव के आधार पर आवश्यक प्रतिक्रिया इकट्ठा कर रहे हैं जिससे मोहल्ला बसों की सेवा का विस्तार दिल्ली के सभी इलाक़ों में सुनिश्चित करने के लिए किया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि आज से शुरू होने वाला ट्रायल सात दिनों तक चलेगा और वर्तमान में प्रधान एन्क्लेव पुस्ता से मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन और अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन से मयूर विहार फ़ेज-III पेपर मार्केट तक चलेगी।

आसानी से पहचान के लिए मोहल्ला बसों को हरे रंग का रखा गया है। मोहल्ला बसों में 25 प्रतिशत सीटें गुलाबी रंग की हैं, जो विशेष रूप से महिला यात्रियों के लिए आरक्षित हैं। नौ मीटर की इन मोहल्ला बसों में 23 यात्री सीटें और 13 यात्रियों के खड़े होने की क्षमता है।

उन्होंने कहा कि मोहल्ला बस योजना का लक्ष्य 9 मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बसों के द्वारा दिल्लीवासियों को उनके घर के आसपास फीडर बस सेवाएं प्रदान करना है। केजरीवाल सरकार की योजना 2025 तक कुल 2,180 ऐसी बसें शुरू करने की है, जो विशेष रूप से सीमित सड़क चौड़ाई या भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के लिए होंगी।

Exit mobile version