
नेशनल डेस्क : दिल्ली सरकार की ओर से जल्द 17 शहरों के लिए अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने जा रही है। ये बसें लखनऊ, ऋषिकेश और जयपुर जैसे बड़े शहरों के लिए शुरू होंगी, जिससे यात्रियों के लिए यात्रा आसान हो जाएगी। परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने इसको लेकर मंजूरी प्रदान कर दी है। फैसले के तहत दिल्ली-एनसीआर के बाहर भी डीटीसी की बसें चलेंगी।
दिल्ली सरकार ने जिन 17 शहरों में बसें चलाने का फैसला लिया है, उनमें 6 राज्य शामिल हैं। सेवा को जल्द शुरू करने को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। करीब 2 दशक बाद दिल्ली सरकार ने इंटरस्टेट बस सेवा शुरू करने का फैसला लिया है, इसके तहत 100 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की जाएगी। एक बैठक में हाल ही में पंकज सिंह ने इस फैसले को मंजूरी दी है। सरकार का लक्ष्य है कि लोग निजी वाहनों को छोड़कर पब्लिक ट्रांसपोर्ट का यूज करें।
यात्रियों के लिए इन बसों में खास सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। आरामदायक सफर के लिए बसों को पूरी तरह आधुनिक बनाया जाएगा। पंकज सिंह के अनुसार इससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रमुख तौर पर ये बसें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के प्रमुख शहरों तक सेवाएं देंगी। इससे पहले भी डीटीसी की बसें इंटरस्टेट सेवाएं देती थीं। बाद में बसों को डीजल से सीएनजी में तब्दील कर दिया गया। इसके चलते सेवाएं कम हो गईं।
उत्तराखंड: ऋषिकेश, हरिद्वार, देहरादून
उत्तर प्रदेश: अयोध्या, लखनऊ, मुरादाबाद
राजस्थान: अलवर, बीकानेर, जयपुर
पंजाब: अमृतसर, पटियाला, चंडीगढ़
हरियाणा: पानीपत
जम्मू-कश्मीर: जम्मू
नई बसें आने के बाद इन्हें विभिन्न रूटों पर शुरू किया जाएगा। इन बसों में ऐप आधारित टिकटिंग व्यवस्था की जाएगी। सभी सीटें आरामदायक होंगी। यही नहीं, बसों में सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस और पैनिक बटन भी लगाए जाएंगे। लंबी दूरी के यात्रियों को आरामदायक सफर का लाभ इन बसों में मिलेगा। बसों की कुल लंबाई 12 मीटर होगी। बसें पूरी तरह इलेक्ट्रिक और एयर कंडीशन होंगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...