Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली : वसंत विहार में बारिश के चलते धंसी जमीन, तीन लोगों के फंसे होने की संभावना

June 28, 2024

दिल्ली : वसंत विहार में बारिश के चलते धंसी जमीन, तीन लोगों के फंसे होने की संभावना

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार देर रात से हो रही तेज बारिश लोगों के लिए आफत की बरसात बन गई है। जगह-जगह जलभराव और अन्य समस्याओं के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, वसंत विहार में मिट्टी धंसने से तीन लोग फंस गए हैं। दिल्ली के वसंत विहार में एक मकान के बेसमेंट की खुदाई चल रही थी, जिसमें भारी बारिश के चलते मिट्टी धंसने के कारण तीन मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू के लिए पहुंच गई हैं। जानकारी के मुताबिक दिल्ली के वसंत विहार में भारी बारिश की वजह से बेसमेंट में बना कमरा धंस गया है। इस घटना में 3-4 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक किसी की भी मौत की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटनास्थल पर दिल्ली पुलिस और एनडीआरएफ की टीम पहुंच चुकी है। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। डीसीपी (दक्षिण पश्चिम) रोहित मीना ने बताया है कि इस कीचड़ में कुछ मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। सटीक संख्या का पता लगाया जाना है। एनडीआरएफ, डीडीएमए, नागरिक एजेंसियां, अग्निशमन, पुलिस की बचाव टीमें मौके पर मौजूद हैं। इन्हें इस निर्माणाधीन बेसमेंट से रेस्क्यू करने की कोशिशें जारी हैं।

दिल्ली फायर विभाग के चीफ फायर ऑफिसर अतुल गर्ग ने बताया कि 28 जून की सुबह करीब 6 बजे के आसपास वसंत विहार इलाके से एक मकान के गिरने की कॉल फायर विभाग को मिली थी। जानकारी यह भी मिली कि इसके अंदर कुछ लोगों के फंसे होने की संभावना है। जिसके बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों को रवाना किया गया और इसकी सूचना एनडीआरएफ और अन्य विभाग को भी दी गई। उन्होंने बताया है कि अभी तक कितने लोग मिट्टी धंसने के चलते अंदर फंसे हुए हैं, इसकी पुष्टि नहीं हो पा रही है। उनको निकालने का काम लगातार जारी है।

गौरतलब है कि बारिश की वजह से पूरी दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव से लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें