Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली में हाई अलर्ट: मंदिर को निशाना बना सकता है लश्कर-ए-तैयबा

Delhi high alert

Delhi high alert

नई दिल्ली। दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है। मिली जानकारी के अनुसार आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा राजधानी में बड़ी वारदात की साजिश रच सकता है। खास तौर पर ऐतिहासिक लाल किला और चांदनी चौक स्थित एक प्रमुख मंदिर को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई है। सूत्रों के मुताबिक, आतंकी संगठन IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के जरिए हमला करने की योजना बना सकता है। इसी कारण इन इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस व खुफिया एजेंसियां सतर्क हैं।

पहले भी लाल किले के पास हो चुका है बड़ा धमाका
यह अलर्ट ऐसे समय में आया है जब तीन महीने पहले, 10 नवंबर 2025 को दिल्ली में लाल किले के पास एक बड़ा कार विस्फोट हुआ था। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोटकों से भरी एक कार में धमाका हुआ था। इस घटना में 12 लोगों की मौत हो गई थी और लगभग दो दर्जन लोग घायल हुए थे। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई थी। डीएनए जांच के बाद पता चला कि उस कार को फरीदाबाद स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय से जुड़े डॉक्टर उमर मोहम्मद उर्फ उमर उन नबी चला रहे थे।

सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। लाल किला, चांदनी चौक और प्रमुख मंदिरों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।

पाकिस्तान में मस्जिद धमाके का बदला लेने की साजिश
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, 6 फरवरी को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद की एक मस्जिद में आत्मघाती हमला हुआ था। इस धमाके में 31 लोगों की मौत हुई थी और 160 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। हालांकि इस हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने ली थी। आईएस ने बयान जारी कर कहा था कि आत्मघाती हमलावर ने मस्जिद के अंदर शिया समुदाय के लोगों के बीच खुद को विस्फोट से उड़ा लिया, जिससे बड़ी संख्या में लोग मारे गए और घायल हुए। अब खुफिया सूत्रों का कहना है कि लश्कर-ए-तैयबा इस हमले का बदला लेने के नाम पर भारत में आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में हो सकता है। देश के बड़े मंदिर और भीड़भाड़ वाले इलाके उसके निशाने पर बताए जा रहे हैं।

Exit mobile version