Site icon Dainik Savera Times

15 अगस्त से पहले दिल्ली पुलिस का एक्शन, लाल किले की सुरक्षा में लापरवाही पर 7 पुलिसकर्मी किए सस्पेंड

Delhi Police : स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। लाल किले की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने के आरोप में 7 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इनमें कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल रैंक के अधिकारी शामिल हैं।

सुरक्षा ड्रिल में मिली बड़ी चूक

आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस द्वारा रोजाना 15 अगस्त को लेकर सुरक्षा अभ्यास किया जा रहा है। शनिवार को स्पेशल सेल की एक टीम ने सिविल ड्रेस में लाल किले में प्रवेश किया और एक डमी बम को परिसर में ले गई। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी इस बम का पता नहीं लगा पाए, जिसे सुरक्षा में गंभीर चूक माना गया। इसी के चलते जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।

5 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

मिली जानकारी के अनुसार इसी बीच, दिल्ली पुलिस ने लाल किला परिसर में घुसने की कोशिश करते हुए 5 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये सभी अवैध रूप से भारत में रह रहे थे और दिल्ली में मजदूरी करते थे। इनकी उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है।

बांग्लादेशी दस्तावेज बरामद

गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से कुछ बांग्लादेशी पहचान पत्र और दस्तावेज बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस पूछताछ कर रही है ताकि उनकी मंशा और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

पुलिस की सख्त चेतावनी

दिल्ली पुलिस का कहना है कि 15 अगस्त की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही करने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version