नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने गुरुवार देर रात राजधानी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए 58 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की और 36 संदिग्धों को दबोच लिया, जिनमें से छह को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का मकसद दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय गैंगस्टरों की कमर तोड़ना है।
दिल्ली पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि यह अभियान दिल्ली, सोनीपत, सांपला, झज्जर, रोहतक और बहादुरगढ़ में एक साथ चलाया गया। इसमें कुल 820 पुलिसकर्मी शामिल रहे जिनमें बाहरी उत्तरी जिले की 39 टीमों के 500 और रोहिणी जिले की 19 टीमों के 320 जवान तैनात किए गए थे। अभियान की अगुवाई इंस्पेक्टर और एसीपी स्तर के अधिकारियों ने की जबकि इसकी निगरानी उपायुक्त हरेश्वर स्वामी और उपायुक्त राजीव रंजन ने की तथा समूची कार्रवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह की देखरेख में पूरी की गई।

