Delhi Weather : मौसम विभाग के अनुसार 4 जुलाई से 10 जुलाई तक इस क्षेत्र में बादलों और बारिश का दौर जारी रहेगा। एक तरफ जहां अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी, वहीं बढ़ती उमस भी लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 5 जुलाई को कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन सुबह के समय आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी है। तापमान अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना है।
हवा में नमी 80 फीसदी से 65 फीसदी के बीच रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है और कहा है कि बारिश के दौरान खुले इलाकों और बिजली के उपकरणों के पास न जाएं। आईएमडी के अनुसार 4 जुलाई को भी कुछ इलाकों में आंधी-तूफान की संभावना है, हालांकि इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। तापमान अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहेगा।
वहीं 6 जुलाई को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग ने 7 और 8 जुलाई को गरज के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। तापमान अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहेगा। नमी में थोड़ा अंतर रहेगा, लेकिन गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।
9 और 10 जुलाई को बारिश या गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि इन दो दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन आसमान में बादलों की मौजूदगी और नमी के कारण वातावरण उमस भरा रहेगा। लगातार हो रही बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर के तापमान में गिरावट आ रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। हालांकि हवा में नमी अधिक होने के कारण उमस बढ़ रही है, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

