Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली में बारिश से धीमी पड़ी वाहनों की रफ्तार, IndiGo ने रोकी उड़ानें

Delhi Weather

Delhi Weather

Delhi Weather : दिल्ली-एनसीआर में इस सप्ताह के पहले दिन की शुरुआत बारिश के साथ हुई है। भारी बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है, लेकिन कुछ इलाकों में जलभराव के कारण मुश्किलों का सामना भी करना पड़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कुछ घंटों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

NCR में वाहनों की रफ्तार पड़ी धीमी-
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ ही हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद-नोएडा जैसे शहरों में रविवार रात से ही बारिश शुरू हो गई थी, जो सोमवार सुबह तक जारी रही। बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। आईएसबीटी कश्मीरी गेट इलाके में ट्रैफिक जाम की स्थिति रही। कुछ जगहों पर जलभराव भी देखने को मिला है।

ऑरेंज अलर्ट जारी-
सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया था। आने वाले समय में दिल्ली और आसपास के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। अगले 2 दिनों में दिल्ली में गरज के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना है।

खराब मौसम से उड़ाने प्रभावित-
फिलहाल सोमवार को हुई बारिश ने उड़ानों को प्रभावित किया है। खराब मौसम को देखते हुए एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने अपनी कुछ उड़ानों को रोक दिया है। इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। इंडिगो ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए लिखा, ‘दिल्ली में लगातार बारिश हो रही है और लगातार बारिश के कारण फ्लाइट संचालन प्रभावित हो रहा है। कुछ उड़ानों को फिलहाल रोक दिया गया है। कृपया निश्चिंत रहें, हमारी टीमें एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ मिलकर काम कर रही हैं और जैसे ही परिस्थितियां अनुकूल होंगी, हम आपको आगे बढ़ा देंगे।’

वेबसाइट या ऐप पर फ्लाइट का स्टेटस करें चेक-
इंडिगो ने यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले ऐप पर फ्लाइट अपडेट लेने की सलाह दी है। इंडिगो ने कहा, ‘कृपया एयरपोर्ट जाने से पहले हमारी वेबसाइट या ऐप पर अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक कर लें। साथ ही, यात्रा के लिए कुछ अतिरिक्त समय दें, क्योंकि ट्रैफिक की गति धीमी हो सकती है।’

 

Exit mobile version