Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली-NCR में भारी बारिश का येलो अलर्ट, गरज-चमक के साथ चलेंगी तेज हवाएं

Delhi Weather

Delhi Weather

Delhi Weather : मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दो दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 26 और 27 जून को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 26 जून की शाम और रात को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही 27 जून की सुबह भी मौसम ऐसा ही रहेगा। 28 जून को मौसम के और सक्रिय होने की संभावना है। इस दिन गरज के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तापमान अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री रह सकता है। आर्द्रता का स्तर 90 फीसदी तक पहुंच सकता है, जिससे उमस बनी रह सकती है।

आईएमडी के अनुसार 29 जून से 2 जुलाई तक आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश होती रहेगी। 30 जून को फिर से आंधी-तूफान की संभावना है। 1 जुलाई को आंधी-तूफान की संभावना है और 2 जुलाई को भी ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री रहेगा।

उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, बारिश के साथ-साथ उमस का स्तर भी बढ़ेगा, लेकिन अधिकतम तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version